प्रतापगढ़ (उप्र), एक मई (भाषा) जिले के थाना लीलापुर क्षेत्र में पुलिस के साथ मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों को गोली लगने के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से अवैध तमंचे, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल बरामद की है।
अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) बृजनंदन राय ने शुक्रवार को बताया कि थाना लीलापुर के प्रभारी निरीक्षक अमला सिंह बृहस्पतिवार रात औरी का पुरवा क्षेत्र में वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान पंडित का पुरवा की ओर से आ रहे मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे भागने लगे।
पुलिस टीम ने पीछा करते हुए गंगा पुत्री पुल के पास ग्राम सकुहाबाद के बीहड़ क्षेत्र में घेराबंदी की। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर गोलीबारी शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लग गई, जिससे वे घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान अफजल उर्फ जानी (निवासी सराय मकई, थाना लीलापुर) और अमन शेख उर्फ अरमान (निवासी मिश्रपुर, थाना मान्धाता, जनपद प्रतापगढ़) के रूप में हुई है।
पुलिस ने उनके पास से दो 315 बोर तमंचे, कारतूस, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, अफजल उर्फ जानी के खिलाफ चार और अमन शेख उर्फ अरमान के खिलाफ तीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
दोनों घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
भाषा सं जफर
मनीषा
मनीषा