प्रतापगढ़, 20 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में सई नदी में नहाते समय डूबे दो सगे नाबालिग भाइयों के शव सोमवार को घटना के दूसरे दिन काफी तलाश के बाद बरामद कर लिए गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, किशुनदासपुर (खीरीबीर घाट) पुल के पास सई नदी में रविवार को नहाते समय दोनों सगे भाई और उनका एक पड़ोसी नाबालिग डूब गए थे।
पुलिस ने बताया कि नाबालिग का शव रविवार को ही बरामद कर लिया गया था जबकि दोनों भाइयों की तलाश जारी थी।
पुलिस के मुताबिक, गोताखोरों ने लगातार अभियान चलाकर सोमवार सुबह दोनों भाइयों के शव नदी से बाहर निकाले।
नगर कोतवाली थाना प्रभारी सुभाष कुमार यादव ने बताया कि अचलपुर लेखपाल कॉलोनी निवासी कृष्णा सोनी (13), उसका भाई अनुराग सोनी (15) और पड़ोस में रहने वाला अमित सोनी (16) रविवार सुबह किशुनदासपुर पुल के पास सई नदी में नहाने गए थे।
उन्होंने बताया कि तीनों गहरे पानी में चले गए और तेज धारा में बह गए। यादव ने बताया कि स्थानीय मछुआरों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी।
उन्होंने बताया कि रविवार दोपहर अमित सोनी का शव बरामद कर लिया गया जबकि गोताखोरों ने लगातार तलाश अभियान के बाद सोमवार सुबह दोनों भाइयों के शव भी बरामद कर लिए।
थाना प्रभारी ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। भाषा सं आनन्द जितेंद्र
जितेंद्र