उप्र : प्रतापगढ़ और चंदौली में आकाशीय बिजली गिरने से दो किसानों की मौत

Ads

उप्र : प्रतापगढ़ और चंदौली में आकाशीय बिजली गिरने से दो किसानों की मौत

  •  
  • Publish Date - July 19, 2026 / 06:11 PM IST,
    Updated On - July 19, 2026 / 06:11 PM IST

प्रतापगढ़/चंदौली, 19 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ और चंदौली जिलों में रविवार को आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दो किसानों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

प्रतापगढ़ के अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) आलोक कुमार ने बताया कि कोतवाली पट्टी थाना क्षेत्र के चांदपुर चौमरी गांव निवासी अफसर खां (18) रविवार सुबह खेत में पानी लगा रहा था। इसी दौरान मौसम में अचानक बदलाव के साथ तेज हवा और बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से वह गंभीर रूप से झुलस गया।

उन्होंने बताया कि खेत में काम कर रहे अन्य लोगों ने तत्काल उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पट्टी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

एएसपी ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

वहीं, चंदौली जिले के धानापुर थाना क्षेत्र के कवलपुरा गांव में रविवार दोपहर आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक अन्य किसान की मौत हो गई।

धानापुर थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) सूर्य प्रकाश मिश्रा ने बताया कि मृतक की पहचान कवलपुरा गांव निवासी श्याम कुमार सिंह (40) के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि श्याम कुमार सिंह दोपहर में धान की रोपाई के लिए अपने खेत को तैयार कर रहे थे। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने से वह गंभीर रूप से झुलस गए।

एसएचओ ने बताया कि परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

भाषा

सं, आनन्द रवि कांत