मेरठ, 12 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मेरठ में दिनदहाड़े युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने शनिवार को तीन आरोपियों के घरों में किए गए कथित अवैध निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को हस्तिनापुर थाने से करीब 200 मीटर दूर दो मोटरसाइकिलों पर आए छह हमलावरों ने नितिन (24) को गोली मार दी।
पुलिस ने बताया कि गोली नितिन के पैर में लगी और वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा तथा अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उसकी मौत हो गई।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिजीत कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि नितिन की हत्या के मामले में आरोपी उत्सव यादव, मिट्ठू और गोल्डी के घरों में किए गए कथित अवैध निर्माण को बुलडोजर कार्रवाई के दौरान ध्वस्त किया गया।
कार्रवाई के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
घटना के बाद नितिन के परिजनों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने से इनकार कर दिया था।
शनिवार सुबह करीब सात बजे परिजनों के साथ करीब 500 लोगों ने हस्तिनापुर के गणेशपुर तिराहे पर शव रखकर जाम लगा दिया।
प्रदर्शनकारी आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाने और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि जब तक आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की जाती, वे वहां से नहीं हटेंगे।
सूचना मिलने पर हस्तिनापुर के विधायक एवं राज्य मंत्री दिनेश खटीक मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों तथा परिजनों को समझाने का प्रयास किया।
उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्राधिकारी (सीओ) मवाना पंकज लवानिया ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि नितिन का अंतिम संस्कार किया जा रहा है और फिलहाल मौके पर स्थिति शांतिपूर्ण है।
मेरठ के बहसूमा थाना क्षेत्र के माननगर गांव निवासी नितिन दिल्ली पुलिस में भर्ती की तैयारी कर रहा था।
परिजनों के अनुसार, उसने लिखित परीक्षा पास कर ली थी और तीन अक्टूबर को उसका शारीरिक दक्षता परीक्षण होना था।
नितिन की शादी करीब चार महीने पहले हुई थी।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपियों के परिवार के सदस्य कथित तौर पर घरों में ताला लगाकर फरार हैं।
बुलडोजर कार्रवाई के दौरान भी उनके घर बंद मिले।
कार्रवाई के दौरान एसपी देहात अभिजीत कुमार समेत पांच थानों के पुलिसकर्मी मौके पर तैनात रहे।
भाषा सं आनन्द जितेंद्र
जितेंद्र