उप्र : खेत की सिंचाई को लेकर विवाद, युवक की पीट पीट कर जान लेने का आरोप
उप्र : खेत की सिंचाई को लेकर विवाद, युवक की पीट पीट कर जान लेने का आरोप
मुजफ्फरनगर (उप्र), 21 मई (भाषा) जिले के भोपा पुलिस थाने के सिताबपुरी गांव में खेत की सिंचाई को लेकर विवाद के चलते दो भाइयों ने 20 वर्षीय एक युवक की कथित तौर पर पीट-पीट कर जान ले ली। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह घटना भोपा पुलिस थाने के अधिकार क्षेत्र में सिताबपुरी गांव में बुधवार शाम को हुई।
पुलिस क्षेत्राधिकारी देवव्रत बाजपेयी ने कहा कि आकाश चौहान पर उसकी मां की मौजूदगी में नेत्रपाल और कविशर नाम के दो आरोपियों ने कथित तौर पर लाठियों से हमला किया था।
मृतक की मां अंतरेश देवी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, वह और उनका बेटा अपने खेतों में सिंचाई करने गए थे, तभी आरोपी पहुंचे और विवाद के बाद आकाश पर लाठियों से हमला कर दिया।
पुलिस ने कहा कि आरोपियों ने बाद में कथित तौर पर घायल युवक को गंग नहर में फेंक दिया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वाजपेयी ने कहा कि दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। दोनों फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
इस बीच, गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर भोपा में सरकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।
पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
भाषा सं जफर मनीषा
मनीषा

Facebook


