बरेली, 10 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए कथित रूप से प्रेरित करने और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में 51 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
मीरगंज थाना प्रभारी रवि कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान शीशगढ़ थाना क्षेत्र के भुदासी गांव निवासी प्रेमपाल के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
थाना प्रभारी के अनुसार, इस मामले में एक ग्रामीण अंकित की शिकायत पर प्रेमपाल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि प्रेमपाल ने बृहस्पतिवार को सैंजना गांव में गजेंद्र नाम के व्यक्ति के घर पर एक सभा आयोजित की थी।
पुलिस के मुताबिक, प्रेमपाल पर लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रलोभन देने और हिंदू देवी-देवताओं व हिंदू आस्था के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणियां करने का आरोप है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित की गई थीं और उसे शुक्रवार सुबह नगरिया सादात रेलवे क्रॉसिंग अंडरपास के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान प्रेमपाल ने कथित तौर पर बताया कि वह ईसाई धर्म का प्रचारक है और उसने सैंजना गांव में लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से बैठक आयोजित की थी।
पुलिस ने बताया कि ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि प्रेमपाल कई वर्षों से भुदासी और आसपास के गांवों में ईसाई धर्म का प्रचार कर रहा था तथा अन्य धर्मों के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणियां करता था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपों की जांच की जा रही है।
भाषा सं जफर जितेंद्र
जितेंद्र