बांदा, 31 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में रविवार को मोबाइल फोन चोरी के शक में एक व्यक्ति पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
चित्रकूट के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अरुण कुमार सिंह ने बताया कि रविवार को करीब साढ़े तीन बजे मंदाकिनी नदी के घाट पर पुल के नजदीक कुछ युवक नहा रहे थे कि तभी रवि निषाद, गुरू निषाद और रिंकू निषाद ने मोबाइल फोन चोरी का आरोप लगाकर विजय निषाद (18) से झगड़ा शुरू कर दिया।
उन्होंने बताया कि हमलावरों ने शोर सुनकर बीच-बचाव करने गए विजय के पिता बिट्टी निषाद (40) के गले पर चाकू से वार कर उन्हें गम्भीर रूप से घायल कर दिया।
सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस गंभीर रूप से घायल बिट्टी निषाद को अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अधिकारी ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं।
भाषा सं. सलीम जितेंद्र
जितेंद्र