Reported By: Bhasha
,UP Police Love Affair Case/Photo Creadit: X
बरेली। UP Police Love Affair Case: उत्तर प्रदेश में बरेली के सिरौली थाने में तैनात एक उपनिरीक्षक पर एक महिला ने शादी और नौकरी का झांसा देकर यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी उपनिरीक्षक को निलंबित कर दिया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि महिला ने मंगलवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई और अपने आरोपों के समर्थन में कुछ साक्ष्य भी प्रस्तुत किए।
बरेली के बारादरी क्षेत्र की रहने वाली महिला ने एसएसपी अनुराग आर्य से उनके कार्यालय में मुलाकात कर दावा किया कि वह सिरौली थाने में तैनात उपनिरीक्षक नरेश बाबू की दूसरी पत्नी है। उसने अधिकारी के साथ अपनी तस्वीरें और वीडियो भी साक्ष्य के रूप में सौंपे।
UP Police Love Affair Case महिला ने बताया कि वर्ष 2022 से पति के साथ विवाद के कारण वह अलग रह रही है। उसने आरोप लगाया कि वर्ष 2025 में पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के लिए वह बारादरी थाने गई थी, जहां उसकी मुलाकात उस समय वहां तैनात उपनिरीक्षक नरेश बाबू से हुई। महिला के अनुसार, उपनिरीक्षक ने उसकी शिकायत सुनने के बाद मदद का भरोसा दिलाया। उसने दावा किया कि पुलिस विभाग में उसका अच्छा प्रभाव है और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से सीधे संबंध होने के कारण वह उसे नौकरी दिला सकता है।
महिला का आरोप है कि उपनिरीक्षक ने अपनी पत्नी को तलाक देकर उससे विवाह करने का भी वादा किया। महिला ने आरोप लगाया कि इसके बाद उपनिरीक्षक उसके संपर्क में रहा और उसके घर आने-जाने लगा। इस दौरान उसने कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। महिला ने कहा कि उसने उपनिरीक्षक पर भरोसा किया क्योंकि उसे विश्वास था कि वह उससे शादी करेगा। उसके अनुसार, पिछले वर्ष करवा चौथ के बाद उपनिरीक्षक उसके घर में ही रहने लगा।
UP Police Love Affair Case महिला का आरोप है कि फरवरी 2026 में उपनिरीक्षक ने अपने बेटे की शादी का हवाला देकर उससे लगभग आठ लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण ले लिए। बाद में जब उसने आभूषण वापस मांगे तो वह टालमटोल करने लगा और दबाव बनाने पर उसे धमकाने लगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि महिला की शिकायत पर प्रारंभिक जांच के आधार पर सिरौली थाने के उपनिरीक्षक नरेश बाबू को निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की विभागीय जांच पुलिस अधीक्षक (दक्षिण) अंशिका वर्मा को सौंपी गई है। उनकी जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें