उप्र : बलिया में अपहृत बालक की हत्या के आरोप में चाचा-चाची गिरफ्तार

Ads

उप्र : बलिया में अपहृत बालक की हत्या के आरोप में चाचा-चाची गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - February 7, 2026 / 08:26 PM IST,
    Updated On - February 7, 2026 / 08:26 PM IST

बलिया, सात फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के सहतवार थाना क्षेत्र में अपहृत एक बालक की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके चाचा-चाची को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार संतानहीन होने के तानों को लेकर चाचा और चाची ने बालक का अपहरण कर उसकी हत्या कर शव को नदी में फेंक दिया था।

अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) दिनेश कुमार शुक्ला ने शनिवार को संवाददाताओं को बताया कि सहतवार और रेवती थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित भोज छपरा गांव के समीप सरयू नदी में 31 जनवरी की शाम को सहतवार थाना क्षेत्र के सिंगही गांव के अभिषेक कुमार प्रजापति (10) का शव मिला था।

उन्होंने बताया कि सिंगही गांव के गणेश प्रजापति ने तहरीर दी थी कि उसका भतीजा अभिषेक 25 जनवरी को अपराह्न चार बजे कहीं चला गया है। परिजन आसपास काफी तलाश किए, कहीं पता नहीं चल पाया है।

पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की अपहरण के आरोप की धारा 137(2) में अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

शुक्ला के मुताबिक, पुलिस की छानबीन के दौरान मुकदमे के वादी और मृतक के सगे चाचा गणेश प्रजापति एवं उसकी पत्नी अमृता देवी का नाम ही अभियुक्त के रूप में सामने आया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर शनिवार को मोटरसाइकिल से फरार होने का प्रयास कर रहे गणेश प्रजापति एवं उसकी पत्नी अमृता को थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

एएसपी ने बताया कि पुलिस ने इनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त आला कत्ल ईट के टुकड़े को बरामद कर लिया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों ने अभिषेक प्रजापति उर्फ मोदी की हत्या कर घाघरा नदी में डालनें की बात को स्वीकार किया है।

आरोपी गणेश द्वारा पुलिस को पूछताछ में बताया गया कि आये दिन उसकी भाभी उनके बच्चा न होने की बात का ताना देती रहती थी। उसने बताया कि इन्हीं सब बातों के कारण 25 जनवरी की अपराह्न अपने गांव के ही एक लड़के के माध्यम से अभिषेक को बुलाया और इसके बाद अभिषेक को अपनी मोटरसाइकिल से घाघरा नदी के किनारे ले गया और नदी के किनारे नीचे पड़े ईंट से उसके सिर पर प्रहार किया, जिससे वह वहीं पर गिर गया। इसके बाद अभिषेक को नदी में फेंक दिया और वापस चला आया।

एएसपी ने बताया कि मामले में विधिक प्रक्रिया पूरी कर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया।

भाषा

सं, आनन्द रवि कांत