बलिया (उप्र) 17 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश शासन ने बलिया जिला जेल के अधीक्षक को जेल में मिले प्रतिबंधित सामग्री और अनियमितता के मामले में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी ।
कारागार विभाग के उप महानिरीक्षक अरविंद कुमार सिंह ने मंगलवार को बताया कि जिला कारा अधीक्षक डॉ यू पी मिश्रा को प्रशासनिक अक्षमता, कर्तव्य व दायित्व के प्रति उदासीनता बरतने के मामले में विभाग के अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी ने निलंबित कर दिया है।
उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने गत आठ अगस्त को जिला जेल का निरीक्षण किया था और निरीक्षण के दौरान जेल में निषिद्ध सामग्री मिली थी तथा अनियमितता पायी गयी थी ।
अधिकारी ने बताया कि प्रदेश शासन ने मिश्र के विरुद्ध अनुशासनिक जांच के आदेश दिए हैं तथा उन्हें डॉ सम्पूर्णानन्द कारागार प्रशिक्षण संस्थान, लखनऊ से सम्बद्ध किया गया है।
उन्होंने बताया कि बिजनौर जिला जेल अधीक्षक लाल रत्नाकर सिंह को बलिया जिला जेल के अधीक्षक पद पर स्थानांतरित किया गया है। इसके साथ ही आजमगढ़ जिला जेल के कारापाल राजेंद्र सिंह को इसी पद पर बलिया स्थानांतरित किया गया है।
भाषा सं आनन्द
रंजन
रंजन