बुलंदशहर (उप्र), 23 फरवरी (भाषा) बुलंदशहर जिले के जहांगीराबाद क्षेत्र में बारात के दौरान रास्ते देने को लेकर हुए विवाद में भारतीय वायुसेना के एक जवान और उसके शिक्षक पिता से कथित तौर पर मारपीट की गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार घटना 19 फरवरी को अमरगढ़ इलाके की है जब एक सरकारी स्कूल में शिक्षक जितेंद्र और भारतीय वायुसेना में कार्यरत उनका बेटा प्रथम कार से कहीं जा रहे थे।
उसने बताया कि कुछ बारातियों के साथ रास्ते को लेकर उन दोनों का विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हाथापाई और मारपीट में बदल गया। इस घटना में दोनों पक्षों के लोगों को मामूली चोटें आईं।
अपर पुलिस अधीक्षक शंकर प्रसाद ने कहा कि घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, जबकि दूसरे पक्ष की शिकायत पर जितेंद्र और उनके बेटे प्रथम के खिलाफ भी असंज्ञेय धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
भाषा सं. सलीम खारी
खारी