उप्र: तरकुलहा देवी मंदिर जा रहे दंपति को ट्रक ने कुचला, मौत

उप्र: तरकुलहा देवी मंदिर जा रहे दंपति को ट्रक ने कुचला, मौत

उप्र: तरकुलहा देवी मंदिर जा रहे दंपति को ट्रक ने कुचला, मौत
Modified Date: June 5, 2026 / 04:27 pm IST
Published Date: June 5, 2026 4:27 pm IST

गोरखपुर, पांच जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के चौरी चौरा इलाके में शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दंपति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उनका सात साल का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, घटना पूर्वाह्न करीब 11 बजे भोपा चौराहे के पास उस समय हुई, जब देवरिया जिले के तरकुलवा थाना क्षेत्र के कुरैना गांव निवासी संतराज भारती (35) और उनकी पत्नी प्रेमशीला (32) बेटे संगम के साथ मोटरसाइकिल से तरकुलहा देवी मंदिर जा रहे थे कि तभी पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर के बाद ट्रक दंपति और बाइक को करीब 100 मीटर तक घसीटता ले गया, जिससे दोनों की मौके पर ही कुचलकर मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि हादसे में बाइक से गिरा बेटा संगम गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे तुरंत गोरखपुर स्थित एम्स में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद आसपास के लोगों ने ट्रक का पीछा किया लेकिन चालक करीब एक किलोमीटर दूर ट्रक छोड़कर फरार हो गया।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया, “हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई। उनका बच्चा एम्स में भर्ती है।”

कुमार ने बताया, “ट्रक को जब्त कर लिया गया हालांकि फरार चालक को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।”

भाषा सं आनन्द जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में