उप्र : ‘हर्ष फायरिंग’ में व्यक्ति की मौत, आरोपी की तलाश जारी

Ads

उप्र : ‘हर्ष फायरिंग’ में व्यक्ति की मौत, आरोपी की तलाश जारी

  •  
  • Publish Date - April 30, 2026 / 02:07 PM IST,
    Updated On - April 30, 2026 / 02:07 PM IST

मेरठ (उप्र), 30 अप्रैल (भाषा) मेरठ जिले के कंकरखेड़ा क्षेत्र में बृहस्पतिवार को एक विवाह समारोह के दौरान की गई ‘हर्ष फायरिंग’ में 45 वर्षीय एक व्यक्ति की गोली लगने से मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के खड़ौली गांव के निवासी आदेश की बारात आज सुबह लौटने के बाद दुल्हन के स्वागत की तैयारियों के बीच दूल्हे के चाचा विक्की ने खुशी में कथित रूप से पिस्टल से हवा में गोलियां चलाईं।

उन्होंने बताया कि गोलीबारी के दौरान एक गोली पड़ोस में रहने वाले सुभाष नामक व्यक्ति के जबड़े में जा लगी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

अपर पुलिस अधीक्षक विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

भाषा सं सलीम मनीषा

मनीषा