वाराणसी, 14 फरवरी (भाषा) महाशिवरात्रि के अवसर पर उत्तर प्रदेश के वाराणसी में श्री काशी विश्वनाथ धाम आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को इस बार पुलिस का एक अलग ही रूप देखने को मिलेगा।
पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया गया है कि वे मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं का हाथ जोड़कर का अभिवादन करने के अलावा उन्हें ‘सर’ या ‘मैडम’ कहकर संबोधित करें।
इस संबंध में मंदिर परिसर के भीतर स्थित त्र्यंबकेश्वर सभागार में बृहस्पतिवार को श्रद्धालुओं के प्रति पुलिस के बर्ताव को लेकर एक बैठक आयोजित की गयी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया गया है कि वे किसी भी परिस्थिति में श्रद्धालुओं के प्रति कठोर भाषा, अपशब्दों का प्रयोग करने या अभद्र व्यवहार करने से बचें।
पुलिस ने कहा कि श्रद्धालुओं से दुर्व्यवहार करने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
वाराणसी के पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शुक्रवार को कहा कि रविवार को लगभग 15-20 लाख श्रद्धालुओं के काशी दर्शन के लिए आने की उम्मीद है और पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं के साथ नम्रतापूर्वक व्यवहार करने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि भीड़ को संभालने के लिए विस्तृत तैयारियां चल रही हैं।
अग्रवाल ने कहा कि पुलिसकर्मी मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं को ‘सर’ या ‘मैडम’ कहकर संबोधित करेंगे और सभी प्रवेश द्वारों पर तैनात पुलिसकर्मियों को हाथ जोड़कर श्रद्धालुओं का अभिवादन करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘ वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और दिव्यांगजनों के प्रति विशेष संवेदनशीलता दिखाई जाएगी।’’
भाषा
सं, जफर रवि कांत