मुजफ्फरनगर, 30 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के में 15 वर्षीय एक नाबालिग लड़की को अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर उससे कथित तौर पर दुष्कर्म करने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने के आरोप में दो युवकों को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
थाना प्रभारी (एसएचओ) ब्रिजेश कुमार शर्मा ने संवाददाताओं को बताया कि आरोपियों की पहचान आसिफ (22) और फरमान (35) के रूप में हुई है तथा उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।
शर्मा ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया और मामले की जांच जारी है।
पीड़िता की मां और बहन द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, दोनों आरोपियों ने लड़की को बहलाया-फुसलाया और उसे कुछ समय तक विभिन्न स्थानों पर कैद रखा, बार-बार उसका यौन उत्पीड़न किया तथा उसे चुप कराने के लिए जान से मारने की धमकी दी।
शिकायतकर्ता ने बताया कि परिवार को घटना के बारे में तब पता चला जब सदमे में डूबी लड़की ने आखिरकार उन पर भरोसा किया, जिसके बाद उन्होंने बृहस्पतिवार को थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई।
वरिष्ठ अधिकारियों ने आरोपियों के खिलाफ पुख्ता मामला बनाने के लिए पीड़िता की मेडिकल जांच सहित गहन जांच का निर्देश दिया।
भाषा सं जफर जितेंद्र
जितेंद्र