गोरखपुर में युवक की गोली मारकर हत्या, आक्रोशित लोगों ने रास्ता जाम किया

Ads

गोरखपुर में युवक की गोली मारकर हत्या, आक्रोशित लोगों ने रास्ता जाम किया

  •  
  • Publish Date - February 16, 2026 / 10:59 AM IST,
    Updated On - February 16, 2026 / 10:59 AM IST

गोरखपुर (उप्र), 16 फरवरी (भाषा) गोरखपुर जिले में एक युवक की उसके दोस्तों ने कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी, जिसके बाद नाराज स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए कुछ देर के लिए रास्ता जाम कर दिया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, चिलुआताल थाना क्षेत्र के तेनुइया गांव में रविवार शाम अरुण (22) को विशाल नाम के युवक ने घर के बाहर बुलाया था। विशाल के साथ उसके दोस्त विशाल, देवेंद्र और पांच-छह अन्य लोग भी मौजूद थे।

उसने बताया कि अरुण और अन्य लोगों के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई, जिसके बाद वे अरण को पास के खेत में ले गए और कथित तौर पर गोली मार दी।

पुलिस ने बताया कि गंभीर हालत में अरुण को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अरुण की मौत की खबर से नाराज स्थानीय लोगों ने आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग को लेकर मेडिकल कॉलेज पुलिस चौकी के पास गोरखपुर–महाराजगंज मार्ग पर यातायात जाम कर दिया। पुलिस के जल्द कार्रवाई के आश्वासन के बाद करीब आधे घंटे में जाम खुल गया।

पुलिस ने बताया कि अरुण के पिता भोला निषाद की शिकायत पर पुलिस ने दो नामजद और छह अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।

उसने बताया कि रविवार देर रात कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने हालात का जायजा लेने के लिए गांव और अस्पताल का दौरा किया। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान की कोशिश की जा रही है।

भाषा सं. सलीम खारी

खारी