उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री की आपत्तिजनक तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के आरोप में युवक गिरफ्तार

Ads

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री की आपत्तिजनक तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के आरोप में युवक गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - February 10, 2026 / 10:01 AM IST,
    Updated On - February 10, 2026 / 10:01 AM IST

बलिया (उप्र), 10 फरवरी (भाषा) बलिया जिले की पुलिस ने ‘फेसबुक’ पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कथित तौर पर आपत्तिजनक तस्वीर पोस्ट करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, बलिया शहर कोतवाली में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के हनुमानगंज मंडल के महामंत्री अमरीश कुमार पांडेय की तहरीर पर पवन तिवारी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 196(1)(बी) (धर्म या जाति के आधार पर समूहों के बीच वैमनस्य और शत्रुता पैदा करना) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

प्राथमिकी के हवाला से पुलिस ने बताया कि आरोपी ने रविवार को फेसबुक पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री की एक आपत्तिजनक तस्वीर विवादित टिप्पणी के साथ पोस्ट की।

प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि इस पोस्ट के जरिए प्रदेश में सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने, अव्यवस्था फैलाने और एक वर्ग विशेष को सरकार के प्रति भड़काने का प्रयास किया गया।

कोतवाली प्रभारी क्षितिज त्रिपाठी ने बताया कि मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने जिले के सुखपुरा थाना क्षेत्र के निवासी आरोपी पवन तिवारी (35) को सोमवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

उन्होंने बताया कि आरोपी मध्यप्रदेश के उज्जैन में रहता है और पेशे से पत्रकार है। वह पारिवारिक शादी में शामिल होने के लिए अपने गांव आया हुआ था, इसी दौरान उसने कथित रूप से यह भड़काऊ पोस्ट साझा किया।

भाषा सं आनन्द

खारी

खारी