दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर कार दुर्घटना में यूट्यूबर अनुराग डोभाल गंभीर रूप से घायल

Ads

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर कार दुर्घटना में यूट्यूबर अनुराग डोभाल गंभीर रूप से घायल

  •  
  • Publish Date - March 8, 2026 / 04:17 PM IST,
    Updated On - March 8, 2026 / 04:17 PM IST

गाजियाबाद, आठ मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर एक कार दुर्घटना में यूट्यूबर अनुराग डोभाल गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

डोभाल को टेलीविजन शो ‘बिग बॉस’ के 17वें सीजन में भाग लेने के बाद व्यापक स्तर पर पहचान मिली थी।

पुलिस के मुताबिक, यह हादसा शनिवार रात को मसूरी पुलिस थाना क्षेत्र में स्थित हवा हवाई रेस्तरां के पास हुआ। इस घटना की जानकारी 112 आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर के माध्यम से प्राप्त हुई।

पुलिस उपायुक्त (ग्रामीण) सुरेंद्र नाथ तिवारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि जब पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, तब तक डोभाल को इलाज के लिए सुभारती अस्पताल ले जाया जा चुका था।

पुलिस उपायुक्त तिवारी ने कहा, ‘‘बाद में आधी रात के आसपास अनुराग को मैक्स सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया, जहां उनका गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में इलाज चल रहा है।’’

सुभारती अस्पताल की चिकित्सा अधीक्षक प्रीति गोयल ने पुष्टि की कि अनुराग डोभाल को गंभीर हालत में आईसीयू में भर्ती कराया गया है। देहरादून निवासी डोभाल कथित तौर पर देहरादून से दिल्ली जा रहे थे, तभी यह दुर्घटना हुई।

पुलिस ने बताया कि अनुराग की एसयूवी ‘टोयोटा फॉर्च्यूनर’ कथित तौर पर दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर लगभग 150-160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार में थी और डिवाइडर से टकरा गई।

उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन पलटकर विपरीत लेन में जा गिरा। अधिकारियों ने बताया कि एसयूवी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।

पुलिस ने बताया कि आत्महत्या के प्रयास का भी संदेह है और मामले की जांच चल रही है। डोभाल के करीबी लोगों के अनुसार, दुर्घटना से कुछ समय पहले से ही वह मानसिक उत्पीड़न की शिकायत कर रहे थे।

भाषा

सं, सलीम रवि कांत रवि कांत