लाहौर में जन्मदिन के जश्न के दौरान तीन मंजिला मकान ढहा, एक ही परिवार के 11 लोगों की मौत
लाहौर में जन्मदिन के जश्न के दौरान तीन मंजिला मकान ढहा, एक ही परिवार के 11 लोगों की मौत
(एम जुल्करनैन)
लाहौर, 30 जुलाई (भाषा) पाकिस्तान के लाहौर शहर में जन्मदिन के जश्न के दौरान तीन मंजिला मकान ढहने से एक ही परिवार के कम से कम 11 लोगों की मलबे में दबकर मौत हो गई। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि मरने वालों में तीन बच्चे भी शामिल हैं।
लाहौर के घनी आबादी वाले निचले इलाके हरबंसपुरा में बुधवार देर रात जब यह हादसा हुआ, तब मकान में जन्मदिन का जश्न मनाया जा रहा था। माना जा रहा है कि हाल ही में हुई भारी मानसूनी बारिश के कारण यह इमारत कमजोर हो गई थी।
लाहौर के उपायुक्त मोहम्मद अली एजाज के अनुसार, हरबंसपुरा स्थित इस तीन मंजिला मकान में तीन भाई अपनी पत्नियों और बच्चों के साथ रहते थे।
एजाज ने बताया, “जन्मदिन के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए भाइयों की बहन और उसके बच्चे भी आए हुए थे। इसी दौरान अचानक मकान ढह गया, जिससे लगभग 20 लोग मलबे के नीचे दब गए।”
उन्होंने बताया, “महिलाओं और बच्चों समेत 11 लोगों के शव मलबे से निकाले जा चुके हैं, जबकि छह लोगों को जिंदा बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।”
पंजाब आपातकालीन सेवा ‘रेस्क्यू 1122’ के अनुसार, मृतकों में तीन महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं।
एजाज ने बताया कि हाल में हुई भारी मानसूनी बारिश की वजह से इमारत का ढांचा कमजोर हो गया था, जिसके कारण यह अचानक ढह गई।
एक अन्य हादसे में लाहौर से लगभग 150 किलोमीटर दूर फैसलाबाद के झांग रोड पर बुधवार रात बारिश के दौरान मकान की छत गिरने से दो बच्चों की मौत हो गई और तीन अन्य लोग घायल हो गए।
सरकारी समाचार एजेंसी ‘एसोसिएटेड प्रेस ऑफ पाकिस्तान’ (एपीपी) ने बृहस्पतिवार को ‘रेस्क्यू-1122’ के हवाले से बताया कि झांग रोड स्थित तालियानवाला में इस जर्जर मकान के भीतर परिवार के पांच सदस्य मौजूद थे, तभी अचानक छत ढह गई।
एपीपी के अनुसार, मलबे के नीचे दबने से दो बच्चों-एक छह महीने के शिशु और एक पांच साल के बच्चे-की जान चली गई।
भाषा सुमित प्रशांत
प्रशांत

Facebook


