बीजिंग, 23 मई (भाषा) चीन की एक कोयला खदान में गैस विस्फोट होने से 82 लोगों की मौत हो गई। आधिकारिक मीडिया की एक खबर में यह जानकारी दी गई।
गैस विस्फोट शुक्रवार शाम सात बजकर 29 मिनट पर लिउशेन्यु कोयला खदान में हुआ। विस्फोट के बाद से बचाव अभियान जारी है।
सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ की खबर के अनुसार, उत्तरी चीन के शानशी प्रांत की क्विनयुआन काउंटी में कोयला खदान में विस्फोट होने की घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 82 हो गई है।
उसने बताया कि खदान के भीतर नौ लोग अब भी फंसे हुए हैं।
चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने व्यापक पैमाने पर बचाव अभियान चलाए जाने और घायलों का उपचार सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने हादसे के बाद की स्थिति से उचित तरीके से निपटने, इसके कारणों की गहन जांच करने और कानून के अनुसार जवाबदेही तय करने के भी निर्देश दिए।
शी ने कहा कि इस हादसे से देशभर के प्राधिकारियों को सबक लेना चाहिए, कार्यस्थल पर सुरक्षा को लेकर सतर्क रहना चाहिए और संभावित जोखिमों की पहचान कर उन्हें दूर करने के प्रयास तेज करने चाहिए, ताकि हादसों को रोका जा सके।
उपप्रधानमंत्री झांग गुओकिंग बचाव अभियान की निगरानी के लिए एक दल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
एपी सिम्मी सुरेश
सुरेश