ढाका, 11 सितंबर (भाषा) बांग्लादेश पुलिस ने ऑनलाइन धोखाधड़ी को लेकर बंदरगाह शहर चटगांव से 63 विदेशियों को हिरासत में लिया है, जिनमें से अधिकतर लाओस, पाकिस्तान और चीन के निवासी हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘‘गुप्त सूचना के आधार पर, हमारे जांचकर्ता, आतंकवाद रोधी इकाई और त्वरित कार्रवाई बटालियन (आरएबी)की एक संयुक्त टीम ने चटगांव में आठ मंजिला इमारत पर तड़के छापा मारा और उन्हें ऑनलाइन धोखाधड़ी के आरोप में हिरासत में लिया।’’
प्रवक्ता ने बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों में लाओस के 35, पाकिस्तान के 21, चीन के पांच, व नेपाल तथा वियतनाम का एक-एक नागरिक शामिल है, जबकि बाकी लोगों की नागरिकता की पहचान की जा रही है।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए 63 लोगों में 41 पुरुष, 21 महिलाएं और एक बच्चा शामिल है।
खुल्शी पुलिस थाना के प्रभारी मोहम्मद अब्दुर रहीम ने बताया कि पुलिस ने धोखाधड़ी के कामों में इस्तेमाल होने वाले कथित उपकरणों के साथ-साथ 131 मोबाइल फोन, 56 लैपटॉप, अमेरिकी डॉलर और अन्य विदेशी मुद्राएं जब्त की हैं।
यह घटनाक्रम कॉक्स बाज़ार में एक लग्ज़री होटल में इसी तरह की छापेमारी में पांच चीनी और एक ताइवानी नागरिक को हिरासत में लिये जाने के बाद हुआ है।
भाषा धीरज पवनेश
पवनेश