यूक्रेन में गैस स्टेशनों पर रूसी ड्रोन का हमला

Ads

यूक्रेन में गैस स्टेशनों पर रूसी ड्रोन का हमला

  •  
  • Publish Date - September 11, 2026 / 04:36 PM IST,
    Updated On - September 11, 2026 / 04:36 PM IST

कीव, 11 सितंबर (एपी) रूसी ड्रोन ने शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन कीव में गैस स्टेशनों को निशाना बनाया। यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार, आम नागरिकों को डराने-धमकाने के मकसद से मॉस्को ने अपने हवाई हमलों का दायरा बढ़ा दिया है।

शहरी गैस स्टेशनों पर रूसी हमले हाल के महीनों में काफी तेज हुए हैं, खासकर पूर्वी और दक्षिणी यूक्रेन के अग्रिम मोर्चे (फ्रंट लाइन) के पास के इलाकों में। यूक्रेन के अनुसार यह नागरिकों के जीवन को अस्त-व्यस्त करने और उनके मनोबल को तोड़ने के अभियान का एक हिस्सा है, जिसमें खाद्य वितरण केंद्रों को भी निशाना बनाया गया है।

यूक्रेन अपनी हवाई रक्षा प्रणाली को सुधारने की कोशिश में लगा है। रूस का हमला अब पांचवें वर्ष में प्रवेश कर चुका है।

इस बीच, बृहस्पतिवार को यूक्रेन को कनाडा से अधिक सहायता का आश्वासन मिला।

दूसरी ओर, यूक्रेन ने रूस की वायु रक्षा प्रणाली पर दबाव बनाने के लिए उसके काफी अंदर तक ड्रोन से हमले किए हैं।

यूक्रेन की सेना ने बृहस्पतिवार को साइबेरिया में 3,000 किलोमीटर से अधिक दूरी पर स्थित एक रिफाइनरी को निशाना बनाने की बात कही। वह रूस के महत्वपूर्ण तेल क्षेत्र को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रहा है। उसके इन हमलों के कारण दुनिया के सबसे बड़े ऊर्जा उत्पादकों में से एक रूस में ईंधन की किल्लत हो गई है।

‘सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर’ की रिपोर्ट के अनुसार, अगस्त में रूस का पेट्रोलियम उत्पाद निर्यात अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया और मॉस्को अब दक्षिण कोरिया व भारत से ईंधन का आयात कर रहा है।

शुक्रवार को कीव के निप्रोव्स्की और ओबोलोन्स्की जिलों में 10 मिनट के भीतर दो गैस स्टेशनों पर ड्रोन गिरे। आपातकालीन सेवा ने बताया कि एक बचावकर्मी सहित पांच लोग घायल हुए हैं।

मध्य यूक्रेन के पावलोहराद शहर में बृहस्पतिवार को शॉपिंग मॉल के पास रूसी ड्रोन हमले में मारे गए पांच निवासियों के लिए शुक्रवार को आधिकारिक शोक व्यक्त किया गया। विदेश मंत्री एंड्री सिबीहा ने ‘एक्स’ पर बताया कि इस हमले में 67 लोग घायल भी हुए हैं।

यूक्रेन की राज्य आपातकालीन सेवा ने बताया कि दक्षिणी शहर जापोरिजिया में रात भर हुए रूसी ड्रोन हमले में 32 वर्षीय महिला और उसका 10 वर्षीय बेटा घायल हो गए। ड्रोन नौ मंजिला आवासीय इमारत और एक शॉपिंग मॉल से टकराए थे।

यूक्रेन ने बृहस्पतिवार और शुक्रवार की मध्यरात्रि में बड़ा हमला किया। रूसी रक्षा मंत्रालय के अनुसार, उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने 16 रूसी क्षेत्रों, कब्जे वाले क्रीमिया और अजोव तथा कैस्पियन सागर के जल क्षेत्रों में 777 यूक्रेनी ड्रोन को रोक दिया।

स्थानीय अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि मॉस्को के दक्षिण में स्थित तुला क्षेत्र में रात भर हुए यूक्रेनी ड्रोन हमले में दो लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए।

एपी वैभव अविनाश

अविनाश