(अदिति खन्ना)
लंदन, 13 अप्रैल (भाषा) भारतीय समुदाय के नेताओं और प्रवासी भारतीयों ने लंदन में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम का आयोजन ओवरसीज फ्रेंड्स ऑफ भाजपा (ओएफभाजपा) ब्रिटेन ने किया।
भाजपा की स्थापना छह अप्रैल 1980 को हुई थी। इस अवसर पर पार्टी के ब्रिटेन स्थित समर्थकों ने शनिवार शाम पश्चिम लंदन के हाउंसलो स्थित हेस्टन कम्युनिटी स्कूल में सांस्कृतिक और संवादात्मक कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्वलन से हुई, जिसके बाद पूजा भनोट ने ‘वंदे मातरम्’ की प्रस्तुति दी।
ओएफभाजपा-ब्रिटेन की ओर से जारी एक बयान में कहा गया, ‘‘ कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण ‘समग्र मानवतावाद’ पर एक सुविचारित प्रदर्शनी थी, जो पार्टी की वैचारिक नींव और मार्गदर्शक सिद्धांतों को दर्शाती है।’’
इस दौरान संयोजक बिक्रम बनर्जी ने संगठन की नयी वेबसाइट लॉन्च की और ब्रिटेन में भारतीय समुदाय के बीच पहुंच बढ़ाने के उद्देश्य से डिजिटल सदस्यता अभियान शुरू करने की घोषणा की।
बयान में कहा गया कि उन्होंने संगठन के दृष्टिकोण और भविष्य की रूपरेखा भी प्रस्तुत की, जिसमें एकता, सांस्कृतिक जुड़ाव तथा भारत-ब्रिटेन संबंधों को मजबूत करने में प्रवासी भारतीयों की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया गया। कार्यक्रम का समापन भारत के राष्ट्रगान के साथ हुआ।
भाषा रवि कांत रवि कांत माधव
माधव