लंदन, नौ फरवरी (एपी) अमेरिका में ब्रिटेन के राजदूत रहे पीटर मैंडलसन और यौन अपराधी जेफ्री एप्स्टीन के संबंधों का खुलासा होने के बाद स्कॉटलैंड में लेबर पार्टी के नेता अनस सरवर ने प्रधानमंत्री केअर स्टार्मर से इस्तीफा देने की मांग की है।
सरवर ने कहा कि ‘‘ध्यान भटकाने वाली चीजें बंद होनी चाहिए और डाउनिंग स्ट्रीट में नेतृत्व में बदलाव होना चाहिए।’’
ब्रिटेन में डाउनिंग स्ट्रीट पर ही प्रधानमंत्री आवास है।
सरवर लेबर पार्टी के सबसे वरिष्ठ नेता हैं जिन्होंने स्टार्मर से इस्तीफा देने का आह्वान किया है। इससे प्रधानमंत्री पर मैंडलसन को इस उच्च पदस्थ राजनयिक पद पर नियुक्त करने के उनके निर्णय को लेकर और अधिक दबाव बढ़ गया है।
स्टार्मर के चीफ ऑफ स्टाफ और उनके संचार निदेशक ने भी इस्तीफा दे दिया है।
प्रधानमंत्री के कार्यालय ने सोमवार को कहा कि उनका पद छोड़ने का कोई इरादा नहीं है।
अमेरिका में ब्रिटिश राजदूत रहे पीटर मैंडलसन और अपराधी जेफ्री एप्स्टीन के संबंधों का खुलासा होने के बाद ब्रिटेन के प्रधानमंत्री केअर स्टार्मर की कुर्सी पर खतरा मंडरा रहा है। वह लेबर पार्टी को मनाने की कोशिश कर रहे हैं कि वह महज डेढ़ साल के कार्यकाल के बाद उन्हें पद से न हटाए।
रविवार को स्टार्मर के मुख्य सचिव को पद से हटा दिया गया। इसके अलावा वह लेबर पार्टी के सांसदों का समर्थन भी खोते जा रहे हैं।
वह पार्टी में अपनी खोई हुई साख को फिर से हासिल करने के लिए सोमवार को लेबर पार्टी के सांसदों को संबोधित करेंगे।
यह राजनीतिक विवाद एस्प्टीन से संबंध होने की बात जानते हुए भी मैंडलसन को 2024 में राजनयिक रूप से सबसे अहम देश माने जाने वाले अमेरिका में ब्रिटेन का राजदूत नियुक्त करने के स्टार्मर के फैसले से जुड़ा है।
एपी रवि कांत रवि कांत रंजन
रंजन