काठमांडू, 22 फरवरी (भाषा) नेपाल में मधेस प्रांत की गौर नगरपालिका में दो समुदायों के बीच हुई झड़पों के बाद लगाए गए कर्फ्यू की अवधि रविवार को अनिश्चितकाल के लिए बढ़ा दी गई।
जिला प्रशासन कार्यालय ने एक नोटिस जारी कर कहा कि पूर्वी मुदबलवा गेट, पश्चिमी लालबकैया बांध, बाम नहर के उत्तर और गौर सीमा शुल्क कार्यालय के दक्षिण में निषेधाज्ञा रविवार सुबह साढ़े आठ बजे से अगले नोटिस तक प्रभावी रहेगी।
दक्षिणी नेपाल में मधेस प्रांत के रौतहट जिले में दो गुट के बीच हुई झड़पों के बाद तनाव बढ़ने पर कुछ हिस्सों में शनिवार को कर्फ्यू लगा दिया गया था।
बृहस्पतिवार शाम को एक विवाद के बाद दो समुदायों के बीच झड़पें शुरू हुईं, जिसके बाद शुक्रवार और शनिवार सुबह तक जारी रही हिंसा में कम से कम आठ लोग घायल हो गए।
हिंसा की घटना बृहस्पतिवार शाम को गौर नगरपालिका के सपगढ़ा इलाके में उस समय हुई, जब एक समुदाय के सदस्यों ने मस्जिद के सामने संगीत बजाते हुए निकल रही बारात को कथित तौर पर रोक दिया।
इसके बाद तनाव बढ़ गया और बाद में हिंसक झड़प शुरू हो गयी।
भाषा
सिम्मी संतोष
संतोष