चीन ने खामेनेई की हत्या की निंदा की, इसे ईरान की संप्रभुता का ‘गंभीर उल्लंघन’ बताया

Ads

चीन ने खामेनेई की हत्या की निंदा की, इसे ईरान की संप्रभुता का ‘गंभीर उल्लंघन’ बताया

  •  
  • Publish Date - March 1, 2026 / 09:14 PM IST,
    Updated On - March 1, 2026 / 09:14 PM IST

(के जे एम वर्मा)

बीजिंग, एक मार्च (भाषा) चीन ने ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह ईरान की संप्रभुता और सुरक्षा का “गंभीर उल्लंघन” है और उसने अमेरिका और इजराइल द्वारा उस देश पर किए जा रहे हमले को तत्काल समाप्त करने का आह्वान किया।

पश्चिमी एशिया में गहराते संकट को लेकर चीनी विदेश मंत्री वांग यी ने अपने रूसी समकक्ष सर्गेई लावरोव से टेलीफोन पर बातचीत भी की।

ईरान, चीन और रूस का एक मजबूत सहयोगी है। चीन ईरान से काफी मात्रा में तेल और गैस खरीदता है।

चीनी विदेश मंत्रालय ने रविवार को एक संक्षिप्त बयान में कहा, “ईरान के सर्वोच्च नेता पर हमला और उनकी हत्या ईरान की संप्रभुता और सुरक्षा का गंभीर उल्लंघन है।”

बयान में कहा गया, “यह संयुक्त राष्ट्र चार्टर के उद्देश्यों और सिद्धांतों तथा अंतरराष्ट्रीय संबंधों के बुनियादी मानदंडों का उल्लंघन करता है। चीन इसका कड़ा विरोध करता है और इसकी कड़ी निंदा करता है।”

इसमें कहा गया, “हम सैन्य अभियानों को तत्काल रोकने, तनावपूर्ण स्थिति को और बढ़ने से रोकने तथा पश्चिम एशिया और विश्व भर में शांति व स्थिरता बनाए रखने के लिए संयुक्त प्रयास करने का आग्रह करते हैं।”

आधिकारिक मीडिया खबरों के अनुसार, वां ने लावरोव के अनुरोध पर उनसे बातचीत की। वांग चीन की कम्युनिस्ट पार्टी की केंद्रीय समिति के राजनीतिक ब्यूरो के सदस्य भी हैं।

वांग ने कहा, “ईरान-अमेरिका वार्ता के दौरान अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर हमले करना अस्वीकार्य है।” उन्होंने कहा, “किसी संप्रभु राष्ट्र के नेता की खुलेआम हत्या करना और सत्ता परिवर्तन के लिए उकसाना भी अस्वीकार्य है।”

भाषा प्रशांत नरेश

नरेश