ईरान पर हमलों के बाद बढ़े तनाव के बीच दुबई में उड़ान परिचालन बाधित

Ads

ईरान पर हमलों के बाद बढ़े तनाव के बीच दुबई में उड़ान परिचालन बाधित

  •  
  • Publish Date - February 28, 2026 / 07:28 PM IST,
    Updated On - February 28, 2026 / 07:28 PM IST

दुबई, 28 फरवरी (भाषा) ईरान पर इजराइल और अमेरिका के संयुक्त हमलों के बाद खाड़ी क्षेत्र में हालात के लगातार बिगड़ने से प्रमुख विमानन गंतव्य एवं वाणिज्यिक केंद्र दुबई से आने-जाने वाली उड़ानों का संचालन शनिवार को बड़े पैमाने पर बाधित हुआ।

हवाई क्षेत्र बंद होने से पूरे खाड़ी क्षेत्र में कई उड़ानें बाधित हुई हैं।

दुबई हवाई अड्डे के बयान में कहा गया, ‘‘संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के हवाई क्षेत्र को आंशिक रूप से बंद किए जाने के परिणामस्वरूप डीएक्सबी और ‘दुबई वर्ल्ड सेंट्रल-अल मकतूम इंटरनेशनल’ (डीडब्ल्यूसी) पर कुछ उड़ानें रद्द की गई हैं या उनमें देरी हुई है।’’

बयान में कहा गया, ‘‘हम आपसे अनुरोध करते हैं कि आप अपनी विमानन कंपनी से संपर्क करें और इस समय डीएक्सबी या डीडब्ल्यूसी की ओर जाने से बचें।’’

दुबई के दोनों हवाई अड्डों-दुबई इंटरनेशनल (डीएक्सबी) और दुबई वर्ल्ड सेंट्रल (डी डब्ल्यू सी)- का स्वामित्व दुबई एयरपोर्ट्स के पास है और यह इनका संचालन एवं प्रबंधन करती है। दुबई से और दुबई के लिए महाद्वीपों के लगभग सभी देशों में 100 से अधिक विमानन कंपनियां उड़ानें संचालित करती हैं।

हवाई क्षेत्र बंद होने से एमिरेट्स और एअर इंडिया सहित कई कंपनियों की उड़ानें बाधित हुई हैं।

एमिरेट्स ने कहा, ‘‘हम स्थिति पर सक्रिय रूप से नजर रख रहे हैं, संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहे हैं और ताजा घटनाक्रम के अनुरूप अपने परिचालन में बदलाव कर रहे हैं। एमिरेट्स सभी नियामकीय आवश्यकताओं का पालन करता है और विमानन प्राधिकरणों द्वारा जारी दिशानिर्देशों का अनुसरण करता है।’’

एअर इंडिया ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक बयान साझा कर बताया कि उसने खाड़ी क्षेत्र मुख्य रूप से अबू धाबी, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) (एयूएच), दम्माम, सऊदी अरब (डीएमएम), दोहा, कतर (डीओएच), दुबई, यूएई (डीएक्सबी), जेद्दा, सऊदी अरब (जेईडी), मस्कट, ओमान (एमसीटी), रियाद, सऊदी अरब (आरयूएच) और तेल अवीव, इजराइल (टीएलवी) में जाने वाली और वहां से आने वाली अपनी सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं।

भाषा सिम्मी दिलीप

दिलीप