पाकिस्तान में लूटपाट के दौरान हिंदू डॉक्टर की हत्या

Ads

पाकिस्तान में लूटपाट के दौरान हिंदू डॉक्टर की हत्या

  •  
  • Publish Date - July 13, 2026 / 10:27 PM IST,
    Updated On - July 13, 2026 / 10:27 PM IST

कराची, 13 जून (भाषा) पाकिस्तान के सिंध प्रांत में सोमवार को एक लूटपाट की वारदात के दौरान 28-वर्षीय एक हिंदू डॉक्टर की हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

यह घटना कराची के संभ्रांत क्लिफ्टन इलाके में हुई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मेहरोज अली ने बताया कि एक निजी बैंक के बाहर लुटेरों और बैंक के सुरक्षा गार्ड के बीच हुई गोलीबारी में आकाश चंद की मौत हो गई।

अली ने बताया कि चांद, अपने पिता और चचेरे भाई के साथ, एक दूसरे बैंक से 50 लाख रुपये निकालकर लाए थे और 25-25 लाख रुपये के दो पैकेट दूसरे बैंक में जमा करने के लिए ले जा रहे थे।

अली ने कहा, “जैसे ही उनकी कार बैंक के बाहर रुकी, उनके पीछे एक और कार आकर रुकी और उनसे पैसे लूटने की कोशिश की गई, लेकिन दरवाजे पर खड़े बैंक के सुरक्षा गार्ड ने गोली चला दी और लुटेरों ने भी जवाबी गोलीबारी की, जिसमें चंद की मौत हो गई।”

लुटेरे 25 लाख रुपये का एक पैकेट लेकर भाग गए।

उन्होंने कहा, “हम इस घटना की जांच कर रहे हैं कि क्या यह अंदर के किसी व्यक्ति की मिलीभगत से हुआ था और आकाश चंद की मौत किसकी गोली लगने से हुई, क्योंकि सुरक्षा गार्ड को शुरू में लगा था कि जिस कार में परिवार आया था, वह भी लुटेरों के साथियों की कार थी।”

आकाश चंद पिछले दो साल से कराची के जिन्ना पोस्ट ग्रेजुएट हॉस्पिटल में काम कर रहे थे और उनके चाचा खेम चंद ने कहा कि जब तक लुटेरे पकड़े नहीं जाते, तब तक परिवार उनका अंतिम संस्कार नहीं करेगा।

उन्होंने कहा, “हमने उनके शव को मुर्दाघर में रखवाया है और जब तक उनकी मौत के जिम्मेदार लोग पकड़े नहीं जाते, हम प्रदर्शन करेंगे।”

कई संभ्रांत और पढ़े-लिखे हिंदू परिवार क्लिफ्टन के पॉश इलाके में बने रिहायशी अपार्टमेंट और घरों में रहते हैं, क्योंकि वहां सुरक्षा बहुत अच्छी मानी जाती है।

भाषा प्रशांत सुरेश

सुरेश