इमरान खान ने न्यायाधीशों पर ‘अपनी आत्मा बेचने’ का आरोप लगाया

Ads

इमरान खान ने न्यायाधीशों पर 'अपनी आत्मा बेचने' का आरोप लगाया

  •  
  • Publish Date - March 23, 2026 / 07:20 PM IST,
    Updated On - March 23, 2026 / 07:20 PM IST

(एम जुल्करनैन)

लाहौर, 23 मार्च (भाषा) पाकिस्तान की जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने सोमवार को देश के न्यायाधीशों पर ‘व्यक्तिगत लाभ के लिए अपनी आत्मा बेचने’ का आरोप लगाया और कहा कि उन्हें व उनकी पत्नी को अदालतों से न्याय नहीं मिल रहा है।

खान (73) अगस्त 2023 से जेल में बंद हैं और वर्तमान में उनके खिलाफ कई मामलों में उन्हें रावलपिंडी की उच्च सुरक्षा वाली अदियाला जेल में रखा गया है।

‘पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ’ (पीटीआई) पार्टी के संस्थापक खान ने ईद के मौके पर अपने बेटे के साथ टेलीफोन पर हुई बातचीत में ये आरोप लगाए। उनके बेटे ने सोमवार को अपने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ अकाउंट पर इसे पोस्ट किया।

उनके बेटे कासिम खान ने कहा कि उनके पिता चाहते थे कि उनका संदेश जनता तक पहुंचे।

पोस्ट में खान के हवाले से कहा गया, ‘इस देश के न्यायाधीशों को शर्म आनी चाहिए। हम बार-बार न्यायपालिका के पास गए हैं। लेकिन उन्होंने अपने निजी लाभ के लिए अपनी आत्मा बेच दी है। उन्होंने अपनी ईमानदारी बेच दी है।’

देश के शक्तिशाली सैन्य प्रतिष्ठान का परोक्ष रूप से जिक्र करते हुए खान ने कहा, ‘वे जानते हैं कि मुझे तोड़ नहीं सकते, इसलिए वे मेरी पत्नी को निशाना बना रहे हैं। वे मुझे ब्लैकमेल करने के लिए बुशरा बीबी (मेरी तीसरी पत्नी) के साथ इस अमानवीय व्यवहार की अनुमति कैसे दे सकते हैं? वह दिन के 24 घंटे अलग-थलग रहती हैं, सिवाय हफ्ते में एक दिन मेरे साथ 30 मिनट के मिलने के और वह समय भी अक्सर अनदेखा कर दिया जाता है।’

खान ने कहा, ‘महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को नुकसान पहुंचाना ‘गैर-इस्लामिक है और उनके इरादे साफ व स्पष्ट हैं।’

खान ने कहा, ‘समाज में न्याय की जिम्मेदारी न्यायाधीशों की होती है। उन्हें अपने आप पर शर्म आनी चाहिए।’

भाषा

शुभम नरेश

नरेश