बीजिंग, नौ जुलाई (भाषा) चीन में भारत के राजदूत विक्रम दुरैस्वामी ने बृहस्पतिवार को फुजियान के क्वानझोऊ स्थित सातवीं सदी के काइयुआन मंदिर का दौरा किया।
दुरैस्वामी ने ग्वांगझू में भारत के महावाणिज्य दूत गिंस मट्टम के साथ मंदिर का दौरा किया, जहाँ मुख्य भिक्षु वेन. शी दे शेंग ने उनका स्वागत किया।
भारतीय दूतावास ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘‘यह मंदिर भारत और चीन के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक आदान-प्रदान का एक प्रमाण है। इसमें स्थानीय परंपराओं के साथ-साथ प्राचीन भारतीय कला और वास्तुकला का प्रभाव दिखाई देता है।’’
काइयुआन मंदिर चीन के उन कुछ मंदिरों में से एक है जहाँ दक्षिण भारत के व्यापारियों द्वारा छोड़े गए हिंदू स्मारक मौजूद हैं।
क्वानझोऊ समुद्री रेशम मार्ग का एक प्रमुख व्यापारिक केंद्र था, जो दक्षिण भारत और दक्षिण-पूर्व एशिया के व्यापारियों को आकर्षित करता था।
भाषा नेत्रपाल माधव
माधव