इजराइल ने गाजा सहायता ले जा रही नौकाओं को रोका, चालक दल सदस्यों को हिरासत में लिया: कार्यकर्ता

Ads

इजराइल ने गाजा सहायता ले जा रही नौकाओं को रोका, चालक दल सदस्यों को हिरासत में लिया: कार्यकर्ता

  •  
  • Publish Date - April 30, 2026 / 09:05 PM IST,
    Updated On - April 30, 2026 / 09:05 PM IST

एथेंस, 30 अप्रैल (भाषा) गाजा की इजराइली नौसेना की नाकाबंदी को तोड़ने की कोशिश कर रहे नौकाओं के बेड़े में सवार कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि इजराइल की सेना ने उनकी नौकाओं को रोका, उनके इंजन तोड़ दिए और उनमें सवार कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया।

कार्यकर्ताओं के मुताबिक यह घटना गाजा और इजराइल से सैकड़ों मील (किलोमीटर) दूर यूनान के पास अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में हुई।

‘ग्लोबल सुमुद फ्लोटिला’ नामक अंतरराष्ट्रीय समुद्री पहल इस महीने की शुरुआत में बार्सिलोना से शुरू की गई। इसके आयोजकों ने बताया कि दुनिया भर से 70 से अधिक नावें और 1,000 लोग इसमें भाग लेंगे, और जैसे-जैसे यह बेड़ा भूमध्य सागर में पूर्व की ओर बढ़ेगा, और भी नावें इसमें शामिल होती जाएंगी।

कार्यकर्ता समूह की वेबसाइट पर नौकाओं की स्थिति की दी गई जानकारी के मुताबिक दक्षिणी यूनानी द्वीप क्रेते के पश्चिम में अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में 22 नौकाओं को रोका गया, जबकि बृहस्पतिवार अपराह्न तक 36 अन्य नौकाएं समुद्र में थे।

इजराइल के विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि अभियान में शामिल 20 से अधिक नौकाओं पर सवार करीब 175 कार्यकर्ताओं को इजराइल लाया जा रहा है।

तुर्किये के विदेश मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को त्इस घटना की निंदा करते हुए इसे ‘‘समुद्री डकैती’’करार दिया।

स्पेन के विदेश मंत्रालय ने मैड्रिड में इजराइली दूतावास के प्रभारी को तलब किया और ‘बेड़े में शामिल नौकाओं को जब्त करने की कड़ी निंदा’’की, जिनमें स्पेनिश नागरिक भी शामिल थे।

एपी धीरज पवनेश

पवनेश