ढाका, 15 फरवरी (भाषा) बांग्लादेश में हाल में संपन्न हुए चुनावों में मुख्य विपक्षी दल के रूप में उभरी जमात-ए-इस्लामी ने रविवार को परिणामों को चुनौती देते हुए निर्वाचन आयोग से उन 32 निर्वाचन क्षेत्रों में मतों की पुनर्गणना कराने की मांग की, जहां उसके उम्मीदवारों को ‘‘अनुचित तरीके से पराजित’’ किया गया था।
पार्टी ने बृहस्पतिवार को हुए चुनावों में अपने पूर्व सहयोगी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की जीत को स्वीकार करने वाले फेसबुक संदेश को भी वापस ले लिया।
चुनाव परिणाम शुक्रवार को घोषित किए गए थे।
तारिक रहमान के नेतृत्व वाली बीएनपी ने 49.97 प्रतिशत मतों और 209 सीट के साथ दो-तिहाई बहुमत से सत्ता हासिल की, जबकि जमात-ए-इस्लामी ने 31.76 प्रतिशत मतों और 68 सीट के साथ अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।
रविवार को निर्वाचन आयोग (ईसी) में औपचारिक शिकायत दर्ज कराने के बाद, जमात के वरिष्ठ नेता हामिदुर रहमान आजाद ने कहा, ‘‘हमने 32 ऐसे निर्वाचन क्षेत्रों की पहचान की है, जहां हमारे उम्मीदवारों को अनुचित तरीके से हराया गया।’’
आजाद ने निर्वाचन आयोग परिसर में पत्रकारों से कहा, ‘‘मतदान की शुरुआत तो अच्छी रही, लेकिन अंत अच्छा नहीं रहा।’’
उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ने 32 निर्वाचन क्षेत्रों में मतों की दोबारा गिनती की मांग की है।
इस बीच, निर्वाचन आयुक्त अनवारुल इस्लाम ने पत्रकारों को बताया कि यदि आयोग को अदालत से कोई आदेश प्राप्त होता है, तो वह जमात की मांग के अनुसार मतों की दोबारा गिनती पर फैसला करेगा।
उन्होंने कहा, “उनकी मांग की जांच और विश्लेषण आवश्यक है। कानून उन्हें अवसर प्रदान करता है – यदि चुनाव से संबंधित कोई शिकायत हो, तो वे न्यायालय को सूचित कर सकते हैं। न्यायालय तदनुसार निर्णय लेगा।’’
आयुक्त ने कहा कि निर्वाचन आयोग मतदान प्रबंधन से संतुष्ट है।
भाषा
देवेंद्र दिलीप
दिलीप