ग्रैंड कैन्यन जैसे इलाकों में चढ़ाई खतरनाक भी हो सकती है

Ads

ग्रैंड कैन्यन जैसे इलाकों में चढ़ाई खतरनाक भी हो सकती है

  •  
  • Publish Date - September 8, 2026 / 06:02 PM IST,
    Updated On - September 8, 2026 / 06:02 PM IST

(अन्नेर पाल्डोर, टेनेसी विश्वविद्यालय )

टेनेसी (अमेरिका), आठ सितंबर (द कन्वरसेशन) खूबसूरत घाटियों में ट्रैकिंग या दुर्गम गहरी घाटियों में चढ़ाई करना प्रकृति के बीच रोमांचकारी अनुभव हो सकता है लेकिन बारिश और तूफान के दौरान ऐसे संकरे इलाके अचानक बेहद खतरनाक हो सकते हैं।

भूविज्ञानी होने के नाते मैंने एंडीज, मध्य पूर्व के रेगिस्तानों, बाल्कन और एपलैशियन समेत दुनिया के कई दुर्गम इलाकों में ट्रैकिंग और चढ़ाई की है। मुझे विशेष रूप से ऐसी घाटियां आकर्षित करती हैं जो चट्टानों और किसी स्थान के भूगर्भीय इतिहास की खूबसूरत झलक देती हैं। हालांकि, इन संकरी घाटियों में अचानक पानी भरने से स्थिति तेजी से जानलेवा हो सकती है।

अमेरिका के एरिजोना स्थित ग्रैंड कैन्यन नेशनल पार्क में 29 अगस्त, 2026 को मानसूनी तूफान के कारण आई बाढ़ में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई और एक अन्य लापता हो गया। बचाए गए दो लोगों ने बताया कि उन्होंने पानी को तेजी से पगडंडी के ऊपर बढ़ते देखा और वे एक चट्टान के किनारे से चिपके हुए यह सोच रहे थे कि शायद वे दोबारा अपने परिवारों को नहीं देख पाएंगे।

तो ऐसे में प्राकृतिक सौंदर्य और बाहरी गतिविधियों के प्रति अपने प्रेम के साथ जोखिम का संतुलन कैसे बनाया जाए और घाटियों में सुरक्षित ट्रैकिंग कैसे की जाए?

—– घाटियों में अचानक बाढ़ क्यों आती है —–

अचानक आने वाली बाढ़ की प्रकृति को समझने के लिए भू-आकृतिक पहलू को समझना जरूरी है जिनमें समय के साथ बदलाव होता है।

घाटियों और एरॉयोज-दक्षिण-पश्चिमी अमेरिका में पाई जाने वाली खड़ी नालियों-में अचानक बाढ़ तब भी आ सकती है जब भारी बारिश घटनास्थल से काफी दूर हो रही हो। कोई व्यक्ति घाटी में साफ आसमान के नीचे चल रहा हो और उसे पता भी न हो कि ऊपर की ओर या घाटी से बाहर हो रही भारी बारिश किसी बड़ी आपदा का संकेत है।

इन इलाकों की खड़ी ढलानें और संकरे रास्ते पानी को एक दिशा में तेजी से बहने के लिए मजबूर करते हैं। ऐसे में घाटी की संकरी जगह में पानी का स्तर बहुत तेजी से बढ़ सकता है।

घाटियों में बारिश की तीव्रता बेहद महत्वपूर्ण होती है। यहां तक कि आमतौर पर कम बारिश वाले शुष्क क्षेत्रों में भी कम समय में हुई भारी बारिश विनाशकारी बाढ़ ला सकती है।

इजराइल की तजाफित घाटी में 2018 में अचानक आई बाढ़ में 10 युवाओं की मौत हो गई थी, जो घाटी में ट्रैकिंग कर रहे थे। यह इलाका उस हिस्से के समान है जहां 2026 में ग्रैंड कैन्यन में बाढ़ आई थी।

—– जमीन की पानी सोखने की क्षमता भी अहम —–

जमीन पानी को कितनी अच्छी तरह सोखती है, इसका भी बाढ़ की स्थिति पर असर पड़ता है। अत्यधिक छिद्रयुक्त और पारगम्य मिट्टी पानी को आसानी से जमीन के भीतर पहुंचा सकती है।

इसके विपरीत, एरिजोना और तजाफित घाटी वाले नेगेव रेगिस्तान जैसे शुष्क क्षेत्रों में सूखी जमीन पर कठोर परत बन जाती है, जिससे पानी का जमीन में समाना मुश्किल हो जाता है और सतही बाढ़ की स्थिति और गंभीर हो सकती है।

शुष्क और पथरीले इलाकों में वनस्पति की कमी के कारण पानी ढलानों से अधिक तेजी से नीचे की ओर बह सकता है।

—– ट्रैकिंग के दौरान कैसे सुरक्षित रहें —–

प्रकृति और घाटियों की खूबसूरती का आनंद लेना महत्वपूर्ण है, लेकिन इन इलाकों में ट्रैकिंग, चढ़ाई या कैंपिंग से पहले जोखिमों को समझना और तैयारी करना भी उतना ही जरूरी है।

ट्रैकिंग पर जाने से पहले इलाके का अच्छी तरह अध्ययन करें, ताकि संभावित जोखिमों और उन रास्तों की जानकारी हो जिनसे अचानक बाढ़ आने की स्थिति में सुरक्षित स्थान तक पहुंचा जा सकता है।

जरूरी सामान साथ रखें। टॉर्च और अतिरिक्त बैटरियां, आपातकालीन स्थिति में बचाव दल को संकेत देने के लिए सीटी तथा भीग जाने की स्थिति में अतिरिक्त कपड़े साथ रखने चाहिए। यदि किसी ऐसे जल क्षेत्र में जाने की योजना है जहां बाढ़ का जोखिम अधिक हो तो तैराकी सुरक्षा उपकरण भी उपयोगी हो सकता है।

ट्रैकिंग शुरू करने से पहले पार्क के अधिकारियों से मौजूदा परिस्थितियों की जानकारी लें और उन्हें अपनी योजना के बारे में बताएं।

मौसम पर हमेशा नजर रखें-सिर्फ अपने ऊपर के आसमान पर नहीं बल्कि घाटी के ऊपरी हिस्सों में मौसम की स्थिति पर भी। साफ आसमान धोखा दे सकता है। गहरी घाटियों और दूरदराज के इलाकों में मोबाइल नेटवर्क भी अक्सर कमजोर होता है। इसलिए घाटी में उतरने से पहले सिर्फ अपने स्थान का ही नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्रों का भी मौसम पूर्वानुमान देखें। अमेरिका की राष्ट्रीय मौसम सेवा अचानक बाढ़ और अन्य चरम मौसम की घटनाओं के लिए चेतावनी जारी करती है।

घाटी में पहुंचने के बाद जितना संभव हो, ऊंचाई वाले स्थान पर रहने की कोशिश करें और अचानक आने वाले पानी की आवाज के प्रति सतर्क रहें। यदि तेज बारिश शुरू हो जाए तो अतिरिक्त सावधानी बरतें और ऊंचे स्थान की ओर जाएं। यह भी ध्यान रखें कि बाढ़ कितनी देर रहेगी, इसका अनुमान लगाना मुश्किल है।

वैज्ञानिकों ने अमेरिका में अचानक आई बाढ़ की 74,814 घटनाओं का विश्लेषण किया और पाया कि इनकी औसत अवधि करीब साढ़े तीन घंटे थी, लेकिन कुछ बाढ़ 48 घंटे से भी अधिक समय तक जारी रहीं।

बाढ़ तेजी से शुरू हो सकती है और लोगों को लंबे समय तक फंसा सकती है। सामान्य तौर पर साफ रहने वाली जलधारा में अचानक गंदा पानी या मलबा दिखाई देना बाढ़ का संकेत हो सकता है। पानी का स्तर बढ़ना या दूर से तेज बहते पानी की आवाज सुनाई देना भी तत्काल सुरक्षित स्थान की ओर जाने की स्पष्ट चेतावनी है।

द कन्वरसेशन मनीषा

नरेश

नरेश