लारीजानी को मार गिराया गया, इससे ईरानियों को अपना भविष्य तय करने में मदद मिलेगी : नेतन्याहू

Ads

लारीजानी को मार गिराया गया, इससे ईरानियों को अपना भविष्य तय करने में मदद मिलेगी : नेतन्याहू

  •  
  • Publish Date - March 17, 2026 / 09:35 PM IST,
    Updated On - March 17, 2026 / 09:35 PM IST

(हरिंदर मिश्रा)

यरूशलम, 17 मार्च (भाषा) इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने मंगलवार को ईरान के शीर्ष सुरक्षा अधिकारी अली लारीजानी को मार गिराने का दावा करते हुए कहा कि अमेरिका और इजराइल के संयुक्त हमलों का उद्देश्य ईरानी सरकार को कमजोर करना था ताकि ईरानियों को अपना भविष्य तय करने का मौका मिल सके।

नेतन्याहू ने एक बयान में कहा, ‘‘आज सुबह हमने अली लारीजानी को मार गिराया… उसके साथ ही हमने बासिज के कमांडर को भी मार गिराया – ये ‘अपराधियों के सहायक’ थे जो तेहरान और ईरान के अन्य शहरों की सड़कों पर लोगों को आतंकित कर रहे थे।’’

इजराइली हमले में 28 फरवरी को ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद लारीजानी प्रभावी रूप से ईरान के युद्ध प्रबंधन के प्रभारी के रूप में उभरे थे।

ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव लारीजानी के बारे में इजराइली दावे को लेकर तेहरान की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।

नेतन्याहू ने कहा, ‘‘हम इस शासन को कमजोर कर रहे हैं ताकि ईरानी जनता को इसे हटाने का अवसर मिल सके। यह सब एक साथ नहीं होगा और न ही आसानी से होगा। लेकिन अगर हम दृढ़ रहे, तो हम उन्हें अपना भविष्य तय करने का मौका देंगे।’’

इजराइली नेता लगातार यह दावा करते रहे हैं कि उनका देश, अमेरिका के साथ मिलकर, ईरानी शासन को उखाड़ फेंकने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बना सकता है, लेकिन अंततः इसे अंजाम देने का दायित्व ईरान की जनता को ही उठाना होगा।

नेतन्याहू ने कहा, ‘‘हम खाड़ी क्षेत्र में अपने अमेरिकी मित्रों की मदद कर रहे हैं। मैंने कल इस मामले पर राष्ट्रपति ट्रंप से विस्तार से बात की। हमारी वायु सेनाओं और नौसेनाओं के बीच तथा मेरे और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच समन्वय है। हम हमलों के माध्यम से ईरानी शासन पर भारी दबाव पैदा करते हैं।’’

भाषा शफीक रंजन

रंजन