मेलानिया ट्रंप ने संघर्ष में बच्चों के मुद्दे पर केंद्रित संरा सुरक्षा परिषद की बैठक की अध्यक्षता की

मेलानिया ट्रंप ने संघर्ष में बच्चों के मुद्दे पर केंद्रित संरा सुरक्षा परिषद की बैठक की अध्यक्षता की

मेलानिया ट्रंप ने संघर्ष में बच्चों के मुद्दे पर केंद्रित संरा सुरक्षा परिषद की बैठक की अध्यक्षता की
Modified Date: March 3, 2026 / 08:54 am IST
Published Date: March 3, 2026 8:54 am IST

संयुक्त राष्ट्र, तीन मार्च (एपी) अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप ने सोमवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक की अध्यक्षता की।

यह बैठक संघर्षरत क्षेत्रों में बच्चों के मुद्दे पर केंद्रित थी, जो उनके प्रमुख अभियानों में से एक रहा है। यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब अमेरिका, इजराइल के साथ मिलकर ईरान पर हमले कर रहा है।

संयुक्त राष्ट्र का कहना है कि वह वैश्विक संस्था के सबसे शक्तिशाली निकाय में अध्यक्ष का पद संभालने वाली ऐसी पहली महिला होंगी, जो विश्व के किसी नेता की पत्नी हैं।

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पत्नी को यह अवसर इसलिए दिया गया है क्योंकि अमेरिका मार्च के लिए परिषद की अध्यक्षता संभाल रहा है। अतीत में, राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री अक्सर अध्यक्षता करते रहे हैं।

प्रथम महिला के संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में पहुंचने पर इस विश्व निकाय के महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने उनका स्वागत किया। मेलानिया ने सुरक्षा परिषद के 15 सदस्यों में से प्रत्येक से हाथ मिलाया और सामूहिक तस्वीर खिंचवाई।

सोमवार को हुई बैठक का आधिकारिक शीर्षक था, ‘‘संघर्ष में बच्चे, प्रौद्योगिकी और शिक्षा।’’

सोमवार का सत्र शुरू होने से पहले संयुक्त राष्ट्र में ईरान के राजदूत अमीर सईद इरावानी ने इसे यह कहते हुए ‘‘शर्मनाक और पाखंडी’’ बताया कि अमेरिका एक ओर बच्चों की सुरक्षा पर बैठक बुला रहा है, वहीं दूसरी ओर ईरानी शहरों पर हवाई हमले कर रहा है।

इससे पहले शनिवार को हुई आपात बैठक में गुतारेस ने ईरान पर अमेरिकी और इजराइली हमलों को अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताया था, साथ ही ईरान के जवाबी हमलों की भी निंदा की थी।

मेलानिया ट्रंप ने संघर्षरत क्षेत्रों में बच्चों के मुद्दे को अपनी प्रमुख प्राथमिकताओं में रखा है। उन्होंने पिछले वर्ष रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को भी पत्र लिखा था, जिसके बाद रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण विस्थापित कुछ बच्चों को उनके परिवारों से मिलाने की पहल की गई।

यह बैठक ऐसे समय हुई जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संयुक्त राष्ट्र और उसकी संस्थाओं जैसे विश्व स्वास्थ्य संगठन और यूनेस्को से अमेरिका की भागीदारी कम की है, जिससे संयुक्त राष्ट्र में वित्तीय संकट गहरा गया है।

एपी गोला खारी

खारी


लेखक के बारे में