अफगानिस्तान में जारी अभियान में टीटीपी के करीब 800 आतंकवादी मारे गए: पाकिस्तान

Ads

अफगानिस्तान में जारी अभियान में टीटीपी के करीब 800 आतंकवादी मारे गए: पाकिस्तान

  •  
  • Publish Date - April 5, 2026 / 08:44 PM IST,
    Updated On - April 5, 2026 / 08:44 PM IST

(सज्जाद हुसैन)

इस्लामाबाद, पांच अप्रैल (भाषा) पाकिस्तान ने रविवार को कहा कि उसके सुरक्षा बलों द्वारा अफगानिस्तान में शुरू किए गए अभियान के दौरान अफगान तालिबान के करीब 800 आतंकवादी मारे गए हैं।

सूचना मंत्री अत्ताउल्ला तरार ने ‘ऑपरेशन गजब लिल-हक’ के संबंध में नवीनतम जानकारी साझा करते हुए तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) और अफगान तालिबान को हुए नुकसान का ब्योरा दिया। टीटीपी को फितना अल ख्वारिज (एफएके) भी कहा जाता है,

तरार ने कहा कि अभियान शुरू होने के बाद से फितना अल ख्वारिज और अफगान तालिबान के कम से कम 796 सदस्य मारे गए हैं तथा 1,043 से अधिक लोग घायल हुए हैं।

उन्होंने कहा कि अफगान तालिबान की 286 चौकियां नष्ट कर दी गईं और 44 अन्य चौकियों पर कब्जा कर लिया गया जबकि उनके 249 टैंक, बख्तरबंद वाहन, तोपें और ड्रोन नष्ट कर दिए गए।

‘ऑपरेशन गजब लिल-हक’ 26 फरवरी की रात शुरू किया गया था। पाकिस्तान का कहना था कि सीमा पार से अफगान तालिबान की ओर से ‘‘बिना उकसावे के की गई गोलीबारी’’ के बाद यह ऑपरेशन शुरू किया गया।

तरार ने कहा कि सेना ने अफगानिस्तान में 81 आतंकवादियों और उनका समर्थन देने वाले ठिकानों को भी हवाई कार्रवाई के जरिये प्रभावी ढंग से निशाना बनाया।

उन्होंने कहा कि बृहस्पतिवार और शुक्रवार की दरमियानी रात गुलाम खान सेक्टर में एक सीमा चौकी पर अफगान तालिबान के हमले की कोशिश को पूरी तरह नाकाम कर दिया गया।

तरार ने कहा कि इस अभियान में 37 आतंकवादी मारे गए और 80 से अधिक आतंकवादी घायल हुए।

भाषा

सिम्मी नरेश

नरेश