काठमांडू, 27 अगस्त (भाषा) नेपाल के रसुवा सहित बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री पहुंचाने के लिए 40 से अधिक निजी हेलीकॉप्टरों ने बृहस्पतिवार को काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
‘कांतिपुर’ अखबार में प्रकाशित खबर के अनुसार, इन उड़ानों का समन्वय और प्रबंधन नेपाली सेना ने किया।
खबर में बताया गया कि हवाई अड्डे पर तैनात सेना की 14वीं बटालियन राहत सामग्री संग्रह केंद्र से निजी हेलीकॉप्टरों तक सामग्री पहुंचाने की व्यवस्था की निगरानी कर रही है।
नेपाल पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि अचानक आई बाढ़ से देश के तीन जिलों में व्यापक तबाही हुई है।
पुलिस के मुताबिक, 93 अन्य शव बरामद किए जाने के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 270 हो गई।
खबर के अनुसार, काठमांडू हवाई अड्डा कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि अपराह्न दो बजे तक 40 से अधिक निजी हेलीकॉप्टरों की उड़ानें पूरी हो चुकी थीं जबकि 20 से अधिक हेलीकॉप्टर हवाई अड्डे पर तैयार खड़े थे।
नेपाल के गृह मंत्रालय ने भी प्रभावित इलाकों में बचाव एवं राहत अभियान के लिए हवाई अड्डे पर तैनात कुछ हेलीकॉप्टरों को इस्तेमाल में लाने की तैयारी की थी। खबर के अनुसार, नेपाल की सेना के हेलीकॉप्टर भी बाढ़ प्रभावित इलाकों में नियमित उड़ानें भर रहे हैं और नागरिकों को बचाने के साथ राहत सामग्री पहुंचा रहे हैं। बुधवार को भोटेकोशी नदी के किनारे सटे इलाकों में अचानक आई बाढ़ ने हाल के वर्षों में नेपाल की सबसे भीषण आपदाओं में से एक है।
अधिकारी हजारों लापता लोगों का पता लगाने के लिए युद्धस्तर पर प्रयास कर रहे हैं।
भाषा जितेंद्र माधव
माधव