(अदिति खन्ना)
लंदन, 13 मई (भाषा) वरिष्ठ राजनयिक पी. कुमारन ने बुधवार को ब्रिटेन में भारत के नामित उच्चायुक्त के रूप में कार्यभार ग्रहण किया।
वर्ष 1992 बैच के भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) अधिकारी कुमारन हाल तक विदेश मंत्रालय में सचिव (पूर्व) थे। उन्होंने विक्रम दोराईस्वामी का स्थान लिया है, जिन्होंने चीन में भारत के राजदूत के रूप में कार्यभार संभाला है।
लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, ‘‘लंदन स्थित इंडिया हाउस की टीम ने आज कार्यभार ग्रहण करने वाले नामित उच्चायुक्त पी. कुमारन का हार्दिक स्वागत किया है।’’
इसमें कहा गया है, “हम उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन में भारत-ब्रिटेन साझेदारी को और मजबूत करने के लिए तत्पर हैं।”
कुमारन का आगमन पर उप उच्चायुक्त कार्तिक पांडे और ब्रिटेन की विदेश मंत्री यवेट कूपर के विशेष प्रतिनिधि गॉर्डन वेदरवेल सीएमजी ने स्वागत किया।
अंग्रेजी, हिंदी, तमिल और अरबी में धाराप्रवाह बोलने वाले कुमारन पहले कतर में भारत के राजदूत और सिंगापुर में उच्चायुक्त के रूप में कार्य कर चुके हैं।
ब्रिटेन में उनका कार्यकाल आगामी हफ्तों में होने वाले एक समारोह में राजा चार्ल्स तृतीय को अपना परिचय पत्र प्रस्तुत करने के बाद औपचारिक रूप से प्रारंभ होगा।
भाषा अमित माधव
माधव