पाकिस्तान के विदेश मंत्री ने मिस्र और तुर्किये के विदेश मंत्रियों से पश्चिम एशिया तनाव पर चर्चा की

Ads

पाकिस्तान के विदेश मंत्री ने मिस्र और तुर्किये के विदेश मंत्रियों से पश्चिम एशिया तनाव पर चर्चा की

  •  
  • Publish Date - March 29, 2026 / 04:08 PM IST,
    Updated On - March 29, 2026 / 04:08 PM IST

(सज्जाद हुसैन)

इसलामाबाद, 29 मार्च (भाषा) पाकिस्तान के विदेश मंत्री इसहाक डार ने चतुर्भुज शिखर सम्मेलन से पहले रविवार को यहां मिस्र और तुर्किये के विदेश मंत्रियों से मुलाकात कर पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और क्षेत्र में शांति वार्ता के प्रयासों पर चर्चा की।

विदेश कार्यालय ने बताया कि सऊदी अरब के विदेश मंत्री फैसल बिन फरहान अल सऊद, तुर्किये के विदेश मंत्री हाकान फिदान और मिस्र के विदेश मंत्री बद्र अब्देलत्ती, डार के निमंत्रण पर इस्लामाबाद की यात्रा पर हैं।

विदेश कार्यालय ने रविवार को कहा कि डार और अब्देलत्ती के बीच हुई बैठक के दौरान पाकिस्तान और मिस्र ने द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा की।

इसने एक बयान में कहा, ‘‘दोनों मंत्रियों ने द्विपक्षीय व्यापार और निवेश को बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने संयुक्त मंत्रिस्तरीय आयोग सहित द्विपक्षीय तंत्रों को सक्रिय करने और व्यापारिक संबंधों को बढ़ावा देने पर सहमति व्यक्त की।’’

बयान में कहा गया है कि दोनों पक्षों ने पश्चिम एशिया में तनाव पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया और संयम बरतने, तनाव कम करने और संवाद एवं कूटनीति के माध्यम से विवादों के समाधान की आवश्यकता पर जोर दिया।

डार ने फलस्तीनी लोगों के लिए पाकिस्तान के ‘‘अटूट समर्थन’’ की पुष्टि की और गाजा और वेस्ट बैंक में इजराइली सेनाओं द्वारा जारी आक्रामकता की कड़ी निंदा की।

विदेश कार्यालय के अनुसार, डार ने तुर्किये के विदेश मंत्री फिदान से भी मुलाकात की।

उसने बताया, ‘‘दोनों नेताओं ने पाकिस्तान-तुर्किये के मजबूत संबंधों की पुष्टि की, ईरान सहित क्षेत्रीय घटनाक्रमों पर चर्चा की और शांति एवं स्थिरता के लिए संवाद, तनाव कम करने, कूटनीति और समन्वय पर जोर दिया।’’

भाषा शफीक रंजन

रंजन