पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में हवाई हमलों के बारे में भारत की टिप्पणी को खारिज किया
पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में हवाई हमलों के बारे में भारत की टिप्पणी को खारिज किया
(सज्जाद हुसैन)
इस्लामाबाद, एक जुलाई (भाषा) पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में हुए घातक हवाई हमलों के बारे में भारत की टिप्पणी को बुधवार को खारिज कर दिया और दावा किया कि उसने ‘‘आतंकवादी बुनियादी ढांचे’’ को निशाना बनाया था।
पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में मौजूद आतंकियों पर देश में कई हमले करने का आरोप लगाने के बाद, 29 जून को अफगानिस्तान में किए गए हमलों में दो दर्जन से ज़्यादा आतंकियों को मारने का दावा किया।
भारत ने अफगानिस्तान में पाकिस्तान द्वारा किए गए हवाई हमले की सोमवार को कड़ी निंदा की तथा इसे ‘‘आक्रामकता का खुला कृत्य’’ और क्षेत्रीय शांति एवं स्थिरता के लिए ‘‘सीधा खतरा’’ बताया। इस हमले में कई आम नागरिक मारे गए।
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘यह पाकिस्तान के गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार के लगातार जारी रहने और अपनी सीमाओं के बाहर हिंसा की हताशापूर्ण हरकतों के जरिए अपनी अंदरूनी नाकामियों को बाहरी कारणों से जोड़ने की उसकी बेकार कोशिश को दिखाता है।’’
भारत की टिप्पणियों पर मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए विदेश कार्यालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने कहा, ‘‘पाकिस्तान, अफगानिस्तान में आतंकवादी बुनियादी ढांचे के खिलाफ अपनी जायज, लक्षित और उचित कार्रवाई पर भारतीय विदेश मंत्रालय के बेबुनियाद बयान को खारिज करता है।’’
उन्होंने भारत पर यह आरोप भी लगाया कि वह ‘‘पाकिस्तान के खिलाफ अफगानिस्तान में आतंकवादी गुटों की सक्रिय रूप से मदद और उन्हें प्रायोजित कर रहा है।’’ हालांकि, उन्होंने अपने आरोपों के समर्थन में कोई सबूत नहीं दिया।
विदेश कार्यालय ने कहा कि पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुसार अपने नागरिकों की सुरक्षा और हिफाजत सुनिश्चित करने के लिए सभी उचित कदम उठाता रहेगा।
भाषा आशीष रंजन
रंजन

Facebook


