(सज्जाद हुसैन)
इस्लामाबाद, चार अप्रैल (भाषा) पाकिस्तान ने शनिवार को मीडिया में आईं उन खबरों को खारिज कर दिया जिनमें कहा गया था कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष को समाप्त करने के लिए अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता की सुविधा प्रदान करने की उसकी पहल प्रारंभिक शांति प्रस्तावों के आदान-प्रदान के बाद विफल गई है।
विदेश मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी द्वारा चुनिंदा पत्रकारों के एक समूह को वार्ता के माध्यम से पश्चिम एशिया संघर्ष का समाधान खोजने के पाकिस्तान के प्रयासों के बारे में जानकारी देने के बाद अटकलें शुरू हो गईं।
विदेश कार्यालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने एक बयान में मीडिया में आईं खबरों को ‘‘बेबुनियाद’’ और ‘‘मनगढ़ंत कहानी’’ बताते हुए खारिज कर दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने मीडिया (सोशल मीडिया सहित) में कई खबरें देखी हैं जिनमें क्षेत्र में जारी संघर्ष और शांति व संवाद को बढ़ावा देने के पाकिस्तान के प्रयासों के संबंध में तथाकथित आधिकारिक सरकारी सूत्रों का हवाला दिया गया है।’’
अंद्राबी ने कहा, ‘‘हम कथित आधिकारिक सूत्रों के हवाले से लगाए गए इन झूठे आरोपों को निराधार और मनगढ़ंत मानते हुए स्पष्ट रूप से खारिज करते हैं। इस संबंध में किसी भी आधिकारिक सूत्र का हवाला देना गलत है।’’
उन्होंने कहा कि शुक्रवार को विदेश मंत्रालय में आयोजित प्रेस वार्ता को ‘‘गलत तरीके से प्रस्तुत’’ किया जाना चिंता का विषय है।
प्रवक्ता ने कहा, ‘‘इसलिए हम सभी मीडिया मंचों से आग्रह करते हैं कि वे उचित सावधानी बरतें, अटकलों से बचें और सटीक व समय पर जानकारी के लिए केवल आधिकारिक रूप से जारी बयानों और मीडिया विज्ञप्तियों पर ही भरोसा करें।’’
डॉन अखबार ने खबर दी थी कि अनाम अधिकारी ने कहा कि कुछ प्रगति हुई है और वाशिंगटन व तेहरान के बीच संदेशों का आदान-प्रदान हुआ है, लेकिन ईरान की ओर से स्पष्ट संकेत न मिलने के कारण इस महत्वपूर्ण चरण में प्रगति धीमी हो गई है।
बातचीत से परिचित अधिकारी के हवाले से कहा गया, ‘‘यह आश्चर्यजनक है कि नौसेना, वायु सेना और अन्य सैन्य व नागरिक बुनियादी ढांचे के नष्ट होने के बावजूद ईरान ने बातचीत के आह्वान पर सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं दी है।’’
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान और चीन दोनों ने ईरान से बातचीत में शामिल होने का आग्रह किया था, लेकिन ‘‘तेहरान ने अभी तक बातचीत में भाग लेने की अपनी तत्परता नहीं दिखाई है।’’
सूत्रों के हवाले से कहा गया था कि तेहरान द्वारा कोई जवाब न दिए जाने के बावजूद पाकिस्तानी नेता ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन और विदेश मंत्री अब्बास अराघची के साथ संपर्क में हैं।
भाषा शुभम शफीक
शफीक