पाकिस्तान के सिंध प्रांत में हिंदू लड़कियों के अपहरण और जबरन धर्म परिवर्तन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन

Ads

पाकिस्तान के सिंध प्रांत में हिंदू लड़कियों के अपहरण और जबरन धर्म परिवर्तन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन

  •  
  • Publish Date - March 31, 2026 / 10:36 PM IST,
    Updated On - March 31, 2026 / 10:36 PM IST

कराची, 31 मार्च (भाषा) पाकिस्तान के अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय के सदस्यों ने हिंदू लड़कियों के अपहरण एवं जबरन धर्म परिवर्तन के बढ़ते मामलों को उजागर करने के लिए सिंध विधानसभा के बाहर धरना प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारी सोमवार को सिंध विधानसभा के बाहर पाकिस्तान दरवार इत्तेहाद (पीडीआई) के बैनर तले इकट्ठा हुए।

पीडीआई के अध्यक्ष शिव कच्छी ने मंगलवार को एक ताजा मामले का जिक्र करते हुए बताया कि शहर के लांधी इलाके से एक नाबालिग लड़की का अपहरण कर लिया गया और जबरन धर्म परिवर्तन कराकर उसकी शादी करा दी गई।

उन्होंने कहा, “मामले को आगे बढ़ाने के लिए हम लांधी पुलिस थाने में विधिवत प्राथमिकी दर्ज कराने की कोशिश कर रहे हैं।”

कच्छी ने कहा, “लेकिन लड़की अब तक नहीं मिली है और उसका परिवार सदमे में है।”

एक सप्ताह पहले मीरपुरखास के पास घटी एक अन्य घटना का जिक्र करते हुए कच्छी ने बताया कि एक और हिंदू युवती का अपहरण कर जबरन धर्म परिवर्तन कराया गया और उसकी शादी करा दी गई।

उन्होंने कहा, “इस विरोध प्रदर्शन का उद्देश्य हमारी महिलाओं, विशेषकर ग्रामीण सिंध क्षेत्रों में, की असुरक्षा और असुरक्षित स्थितियों को उजागर करना था।”

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सिंध भर से सैकड़ों हिंदू इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए, जो नेताओं द्वारा सिंध विधानसभा अध्यक्ष को मांगों की सूची सौंपने के बाद शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हुआ।

पीडीआई अध्यक्ष के अनुसार, मुस्लिम और ईसाई नेताओं ने भी विरोध रैली का समर्थन किया और हिंदू समुदाय के साथ एकजुटता दिखाई।

भाषा राखी रंजन

रंजन