मास्को, 21 नवंबर (भाषा) रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन बुधवार को भारत की मेजबानी में होने वाले जी20 नेताओं के डिजिटल शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। रूसी राष्ट्रपति कार्यालय क्रेमलिन ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
इस साल सितंबर में नयी दिल्ली में आयोजित हुए जी20 शिखर सम्मेलन में पुतिन शामिल नहीं हुए थे। उनके स्थान पर विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने रूस का प्रतिनिधित्व किया था।
रूस की सरकारी समाचार एजेंसी तास ने क्रेमलिन के एक बयान का हवाला देते हुए कहा, ‘‘ रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 22 नवंबर 2023 को आयोजित होने वाले जी20 समूह के देशों के नेताओं के डिजिटल शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। ’’
पुतिन पिछले साल नवंबर में इंडोनेशिया के बाली में आयोजित शिखर सम्मेलन में भी शामिल नहीं हुए थे।
क्रेमलिन की प्रेस सेवा के मुताबिक बुधवार को होने वाली बैठक में भारत की जी20 समूह की अध्यक्षता के परिणामों, वैश्विक अर्थव्यवस्था और वित्त की स्थिति, जलवायु एजेंडा, डिजिटलीकरण के मुद्दे और अन्य विषयों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
भाषा रवि कांत पवनेश
पवनेश