बीजिंग, 15 अप्रैल (भाषा) रूस के शीर्ष राजनयिक ने बुधवार को एक बार फिर दोहराया कि मॉस्को ईरान में ‘संवर्धित यूरेनियम की समस्या को सुलझाने में भूमिका निभाने के लिए’ तैयार है।
बीजिंग की दो दिवसीय यात्रा पर आए रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने संवाददाताओं से कहा, “यह भूमिका कई रूपों में हो सकती है। इसमें अत्यधिक संवर्धित यूरेनियम को ईंधन ग्रेड यूरेनियम में पुनर्संसाधित करना या भंडारण के लिए एक निश्चित मात्रा रूस को स्थानांतरित करना शामिल है। ऐसा कुछ भी जो ईरान को स्वीकार्य हो और उसके शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए यूरेनियम संवर्धन के अधिकार का उल्लंघन न करता हो।”
रूस 2015 में ईरान और छह परमाणु शक्तियों के बीच हुए उस समझौते का हिस्सा था, जिसमें तेहरान के परमाणु कार्यक्रम पर अंकुश लगाने और व्यापक अंतरराष्ट्रीय निगरानी के बदले उसे प्रतिबंधों से राहत देने की बात कही गई थी। उस समझौते के तहत मॉस्को ने ईरान से संवर्धित यूरेनियम की बड़ी मात्रा हटाई थी।
जब ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान अमेरिका एकतरफा तौर पर इस समझौते से हट गया था, तब रूस के राष्ट्रपति कार्यालय ‘क्रेमलिन’ ने ईरान को राजनीतिक समर्थन दिया था।
एपी
सुमित माधव
माधव