बीजिंग, 19 मई (भाषा) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की चीन की यात्रा समाप्त होने के कुछ ही दिनों बाद रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यहां चीन के नेता शी चिनफिंग के साथ वार्ता के लिए दो दिवसीय यात्रा के तहत मंगलवार रात बीजिंग पहुंचे।
चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने हवाई अड्डे पर पुतिन का स्वागत किया।
पुतिन ने बीजिंग पहुंचने से पहले कहा कि रूस और चीन के बीच संबंध ‘‘वास्तव में अभूतपूर्व स्तर’’ पर पहुंच गए हैं।
पुतिन ने चीन की यात्रा से पहले मंगलवार को जारी एक वीडियो संदेश में कहा कि ‘‘नियमित द्विपक्षीय यात्राएं और रूस-चीन के बीच उच्च स्तरीय वार्ताएं दोनों देशों के बीच संबंधों को प्रगाढ़ बनाने के हमारे संयुक्त प्रयासों का एक महत्वपूर्ण और अभिन्न अंग हैं।’’
चीनी विदेश मंत्रालय ने कहा कि शी और पुतिन द्विपक्षीय संबंधों, विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के साथ-साथ आपसी हितों से जुड़े अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने सोमवार को यहां मीडिया को बताया कि पुतिन की चीन की यह 25वीं यात्रा है। उन्होंने रूस और चीन के बीच घनिष्ठ रणनीतिक संबंधों के साथ-साथ दोनों नेताओं के बीच मजबूत मित्रता और तालमेल पर जोर दिया।
भाषा यासिर जोहेब
जोहेब
जोहेब