कराची, आठ अप्रैल (भाषा) पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में खुफिया सूचना के आधार पर चलाए गए एक अभियान में सुरक्षा बलों ने छह आतंकवादियों को मार गिराया। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
आतंकवाद रोधी विभाग के अधिकारी मेहताब रहमानी ने बताया कि मंगलवार को एक प्रतिबंधित संगठन से जुड़े आतंकवादी, मस्तुंग कस्बे के किरदगाब क्षेत्र में मारे गए।
रहमानी के अनुसार, इनके इलाके में छिपे होने औऱ हमले की तैयारी करने संबंधित खुफिया रिपोर्ट मिलने के बाद यह अभियान चलाया गया।
उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों ने इलाके को घेरकर अभियान शुरू किया जिसमें छह आतंकवादी मारे गए, हालांकि कुछ पहाड़ों की ओर भागने में सफल रहे।
रहमानी ने कहा कि उनके पास से बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया।
भाषा
प्रचेता मनीषा
मनीषा