ऑपरेशन सिंदूर के दौरान दुनिया ने भारत के रक्षा उपकरणों की क्षमता एवं विश्वसनीयता देखी: मोदी

Ads

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान दुनिया ने भारत के रक्षा उपकरणों की क्षमता एवं विश्वसनीयता देखी: मोदी

  •  
  • Publish Date - July 9, 2026 / 06:31 PM IST,
    Updated On - July 9, 2026 / 06:31 PM IST

मेलबर्न, नौ जुलाई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान जब सीमापार आतंकवादियों के ठिकानों पर विस्फोट हो रहे थे तब दुनिया ने भारत के रक्षा उपकरणों की क्षमता और विश्वसनीयता देखी।

उन्होंने यह बात यहां प्रवासी भारतीयों के कार्यक्रम ‘मेलबर्न मीट्स मोदी’ में कही। इस कार्यक्रम में ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज भी उपस्थित थे।

मोदी ने कहा, ‘‘दुनिया हमारे रक्षा क्षेत्र की क्षमता और विश्वसनीयता देख रही है। आपने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में इसका प्रदर्शन जरूर देखा होगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘धमाके आतंकवादियों के ठिकानों पर हो रहे थे और उनकी गूंज पूरी दुनिया में सुनाई दे रही थी।’’

स्टेडियम में दर्शकों की तालियों और उत्साह के बीच मोदी ने पूछा, ‘‘क्या आपको आतंकवादी शिविरों पर की गयी गई कार्रवाई पर गर्व महसूस हुआ?’’

भारत ने पिछले साल सात मई को पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में आतंकी ढांचों को निशाना बनाते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया था। उसने भीषण पहलगाम आतंकवादी हमले का बदला लेने के लिए यह अभियान शुरू किया। पहलगाम में आतंकवादी हमले में 26 बेगुनाह लोगों की जान चली गयी थी।

इस अभियान के तहत, भारत ने पाकिस्तान और पीओके में नौ आतंकी शिविरों पर सटीक मिसाइल हमले किए, जिनमें कम से कम 100 आतंकवादी मारे गए।

पिछले साल सितंबर में सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में, पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) के कमांडर मसूद इलियास कश्मीरी ने स्वीकार किया कि पाकिस्तान के बहावलपुर में आतंकी संगठन के प्रमुख मसूद अजहर का परिवार भारतीय मिसाइल हमलों में तबाह हो गया।

इन हमलों के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच चार दिनों तक भीषण झड़प हुईं तथा 10 मई को सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति के साथ ये झड़प खत्म हुईं।

भाषा

राजकुमार माधव

माधव