ट्रंप ने व्हाइट हाउस में उच्च सुरक्षा वाला बॉलरूम बनाने का आह्वान किया

Ads

ट्रंप ने व्हाइट हाउस में उच्च सुरक्षा वाला बॉलरूम बनाने का आह्वान किया

  •  
  • Publish Date - April 26, 2026 / 10:19 PM IST,
    Updated On - April 26, 2026 / 10:19 PM IST

(सागर कुलकर्णी)

वाशिंगटन, 26 अप्रैल (भाषा) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को व्हाइट हाउस परिसर के भीतर एक उच्च सुरक्षा वाला ‘बॉलरूम’ बनाने का फिर से आह्वान किया।

ट्रंप का यह बयान संवाददाताओं के लिए आयोजित रात्रिभोज के दौरान गोलीबारी की घटना के बाद आया है।

अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन में संवाददाताओं के लिए आयोजित एक हाई-प्रोफाइल रात्रिभोज के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गयी, जब बंदूक और चाकुओं से लैस एक व्यक्ति सुरक्षा घेरा तोड़कर उस क्षेत्र में घुस आया, जहां राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और कई वरिष्ठ अमेरिकी नेता मौजूद थे।

बहरहाल, सीक्रेट सर्विस के एजेंटों ने उसे घेरकर तुरंत हिरासत में ले लिया। गनीमत यह रही कि राष्ट्रपति ट्रंप सुरक्षित रहे और उन्हें तुरंत वहां से बाहर ले जाया गया।

ट्रंप ने रविवार को ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘यह घटनाक्रम नहीं होता अगर ये कार्यक्रम व्हाइट हाउस में निर्माणाधीन सैन्य रूप से अत्यंत गोपनीय ‘बॉलरूम’ में हुआ होता।’’

उन्होंने इस मामले (बॉलरूम निर्माण) में अदालती मुकदमा वापस लेने की भी मांग की।

एक संघीय अदालत ने व्हाइट हाउस के पूर्वी विंग में 40 करोड़ अमेरिकी डॉलर की लागत से एक भव्य बॉलरूम के निर्माण के प्रयासों पर रोक लगा दी है, जिसमें संसद की मंजूरी की आवश्यकता और संरक्षण कानूनों के उल्लंघन का हवाला दिया गया है।

ट्रंप प्रशासन ने अपील दायर की है, जिसकी सुनवाई पांच जून को होने की उम्मीद है।

ट्रंप ने सोशल मीडिया पर कहा, ‘‘पिछली (शनिवार) रात जो कुछ हुआ, ठीक उसी वजह से हमारी सेना, सीक्रेट सर्विस, कानून प्रवर्तन एजेंसियां ​​और अलग-अलग कारणों से पिछले 150 वर्षों से हर राष्ट्रपति यह मांग करते आ रहे हैं कि व्हाइट हाउस के परिसर में एक विशाल, सुरक्षित और संरक्षित बॉलरूम बनाया जाए।’’

भाषा शफीक नरेश

नरेश