गोलीबारी के बाद ट्रंप को रात्रिभोज स्थल से बाहर ले जाया गया, एक संदिग्ध गिरफ्तार

Ads

गोलीबारी के बाद ट्रंप को रात्रिभोज स्थल से बाहर ले जाया गया, एक संदिग्ध गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - April 26, 2026 / 12:13 PM IST,
    Updated On - April 26, 2026 / 12:13 PM IST

(सागर कुलकर्णी)

वाशिंगटन, 26 अप्रैल (भाषा) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और व्हाइट हाउस के अन्य शीर्ष अधिकारियों को व्हाइट हाउस संवाददाताओं के वार्षिक रात्रिभोज कार्यक्रम स्थल से तब सुरक्षित बाहर निकाला गया, जब कई हथियारों से लैस एक व्यक्ति ने होटल के ‘बॉलरूम’ के बाहर गोलीबारी कर दी।

यह घटना स्थानीय समयानुसार रात करीब आठ बजकर 34 मिनट पर वाशिंगटन हिल्टन होटल में हुई, जब भोजन परोसा जा रहा था। उस समय ट्रंप को व्हाइट हाउस संवाददाता संघ अध्यक्ष वेइजिया जियांग और प्रसिद्ध मेंटलिस्ट ओज पर्लमैन से बातचीत करते देखा गया, जिन्हें इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम में प्रस्तुति देनी थी।

सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों और अन्य सुरक्षा कर्मियों ने राष्ट्रपति ट्रंप, उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप, उपराष्ट्रपति जे डी वेंस और उनकी पत्नी उषा वेंस को चारों ओर घेरा बनाकर उन्हें तुरंत बॉलरूम से बाहर निकाला।

कार्यक्रम में मौजूद कई मेहमान संभवत: स्वाभाविक प्रतिक्रिया के तहत अचानक मेजों के नीचे झुक गए। इन मेहमानों में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, पत्रकार और अन्य आमंत्रित लोग शामिल थे।

राष्ट्रपति ट्रंप ने बाद में ‘ट्रुथ सोशल’ पर घोषणा की कि इस रात्रिभोज कार्यक्रम को अगले 30 दिनों के भीतर फिर से आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम में मौजूद ‘सी-स्पैन’ के एक रिपोर्टर ने कहा, ‘‘मुझे सिर्फ बूम, बूम, बूम, बूम की आवाज सुनाई दी और कई मेहमान तुरंत मेजों के नीचे झुक गए।’’

कुछ घंटों बाद ट्रंप ने व्हाइट हाउस में संवाददाता सम्मेलन करके बताया कि सुरक्षा बलों ने कैलिफोर्निया निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना को याद करते हुए ट्रंप ने कहा, ‘‘मैंने एक आवाज सुनी और पहले लगा कि कोई ‘ट्रे’ गिर गई है। ऐसा मैंने पहले भी कई बार सुना है। आवाज काफी तेज थी और दूर से आई थी। हमले करने वाला व्यक्ति उस क्षेत्र तक पहुंच ही नहीं पाया। सुरक्षा बलों ने उसे पकड़ लिया।’’

ट्रंप ने बताया कि एक सुरक्षा अधिकारी पर भी गोली चली, लेकिन उसने बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी, जिससे उसकी जान बच गई।

होटल के बाहर कई प्रदर्शनकारी ट्रंप प्रशासन और रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे।

वाशिंगटन हिल्टन के बाहर मौजूद ‘सीएनएन’ के एक रिपोर्टर ने कहा कि उसने हमलावर को कुछ ही फुट दूरी से गोली चलाते देखा।

संदिग्ध की पहचान 31 वर्षीय कोल टॉमस एलन के रूप में हुई है, जो कैलिफोर्निया का निवासी है।

शनिवार की घटना का उन पर क्या असर पड़ा, इस सवाल पर ट्रंप ने कहा कि राष्ट्रपति का काम खतरनाक होता है, लेकिन वह कमजोर नहीं हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं इस बारे में ज्यादा सोचना पसंद नहीं करता। मैं सामान्य जीवन जीने की कोशिश करता हूं, हालांकि यह खतरनाक जीवन है। मुझे लगता है कि मैं इसे अच्छी तरह संभाल रहा हूं।’’

पिछले दो वर्षों में ट्रंप हत्या के दो प्रयासों से बाल-बाल बच चुके हैं। उन पर पहला हमला 13 जुलाई 2024 को पेंसिल्वेनिया के बटलर में एक चुनावी रैली के दौरान और दूसरा 15 सितंबर 2024 को फ्लोरिडा के पाम बीच में हुआ।

ट्रंप ने कहा, ‘‘उस कमरे में रिपब्लिकन, डेमोक्रेट, निर्दलीय, कंजरवेटिव, लिबरल और प्रगतिशील सभी मौजूद थे। रिकॉर्ड तोड़ भीड़ थी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने शानदार काम किया, लेकिन आज रात की घटनाओं को देखते हुए मैं सभी अमेरिकियों से अपील करता हूं कि वे अपने मतभेदों को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने का संकल्प लें।’’

भाषा गोला अमित

अमित