मोंटाना (अमेरिका), तीन अप्रैल (एपी) अमेरिका के एक पूर्व संघीय कानून प्रवर्तन अधिकारी ने ‘नॉर्दर्न चेयेने इंडियन रिजर्वेशन’ केंद्र में नशे में धुत 14 वर्षीय लड़की का बलात्कार करने और इसे छिपाने की कोशिश करने का अपराध बृहस्पतिवार को स्वीकार कर लिया है। अभियोजकों ने यह जानकारी दी।
‘नॉर्दर्न चेयेने इंडियन रिजर्वेशन’ अमेरिका का संरक्षित क्षेत्र है जहां जातीय मूल के चेयेने समुदाय के करीब 6,000 लोगों की आबादी रहती है और ‘ब्यूरो ऑफ इंडियन अफेयर्स’ पूरे अमेरिका में अमेरिकन इंडियन, मूल अमेरिकन और जातीय मूल की प्रमुख जनजातियों के संरक्षण, उनके कल्याण के लिए काम करता है।
अभियोजकों ने कहा कि आरोपी मुर्रेल डीला घटना के वक्त ‘ब्यूरो ऑफ इंडियन अफेयर्स’ में एक अधिकारी थे। उनकी मुलाकात अगस्त 2024 में सदर्न मोंटाना के संरक्षित क्षेत्र में एक गैस स्टेशन पर उस लड़की से हुई थी।
अदालती दस्तावेजों के अनुसार, जब लड़की ने भागने की कोशिश की तो डीला ने उसे पकड़कर अपनी गश्ती कार की पिछली सीट पर बिठाया और एक सुनसान पार्क में ले गया जहां उसने लड़की का यौन उत्पीड़न किया।
बाद में डीला लड़की को उसकी दादी के घर ले गया। दस्तावेजों में कहा गया है कि लड़की ने अगले दिन इस घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई।
दस्तावेजों के अनुसार, जब जांच अधिकारियों ने डीला से हमले की रात का वीडियो फुटेज डाउनलोड करने को कहा तो उसने बताया कि उसकी गश्ती कार में आग लग गई थी।
दस्तावेजों में कहा गया है कि जांच अधिकारियों ने पाया कि आग जानबूझकर लगाई गई थी और वाहन पर केवल डीला की उंगलियों के निशान ही मिले थे।
एपी सुरभि शोभना मनीषा
मनीषा